Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Reels, झगड़ा और जहर... मोबाइल को लेकर पति-पत्नी में विवाद, 4 महीने की गर्भवती महिला की मौत

    Updated: Sat, 16 May 2026 04:28 PM (IST)

    मोबाइल पर रील्स देखने को लेकर पति से हुए विवाद के बाद आरा में एक चार माह की गर्भवती महिला ने कथित तौर पर जहर खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। महिला अपने ...और पढ़ें

    मोबाइल को लेकर विवाद

    मोबाइल को लेकर विवाद

    जागरण संवाददाता, आरा(भोजपुर)। भोजपुर जिले के आरा शहर में मोबाइल और रील्स देखने को लेकर हुआ मामूली विवाद दर्दनाक हादसे में बदल गया। टाउन थाना क्षेत्र के बिंद टोली मोहल्ले में पति द्वारा मोबाइल देने से मना करने पर एक गर्भवती महिला ने कथित तौर पर जहर खा लिया, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

    मृतका की पहचान 24 वर्षीय पार्वती देवी के रूप में हुई है। वह पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र के महिनावां गांव निवासी गोविंद महतो की पत्नी थी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

    मायके आई थी महिला, फिर हुआ विवाद

    परिजनों के मुताबिक पार्वती देवी अपने पति और बच्चों के साथ गुजरात के राजकोट में रहती थी। करीब आठ दिन पहले ही वह अपने मायके बिंद टोली आई थी।

    शुक्रवार की शाम उसने अपने पति से मोबाइल मांगा था ताकि वह रील्स देख सके। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

    आरोप है कि पति ने मोबाइल देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।

    बच्चों को मोबाइल देकर घर से निकला पति

    मृतका के भाई धनु कुमार ने बताया कि विवाद के दौरान गोविंद महतो बच्चों के हाथ में मोबाइल देकर घर से बाहर चला गया। इसी बीच पार्वती ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया।

    कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होने पर स्वजन उसे आनन-फानन में आरा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

    पति बोला- मोबाइल को लेकर हुआ था झगड़ा

    मृतका के पति गोविंद महतो ने भी स्वीकार किया कि मोबाइल को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। उसके अनुसार पार्वती रील्स देखने के लिए मोबाइल मांग रही थी, लेकिन उसने मोबाइल देने से मना कर दिया था।

    उसने बताया कि इसी दौरान पत्नी ने जहर खा लिया। गोविंद ने यह भी कहा कि पार्वती चार महीने की गर्भवती थी। घटना के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

    छह साल पहले हुई थी शादी

    बताया जा रहा है कि पार्वती देवी की शादी करीब छह वर्ष पहले हुई थी। दंपती के बच्चे भी हैं और वे गुजरात में रहकर कामकाज करते थे।

    अस्पताल में मौत के बाद स्वजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव लेकर घर चले गए। मामले को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

    खबरें और भी