आरा होकर पटना पहुंचेंगी दो जोड़ी पूजा स्पेशल ट्रेनें, राजस्थान से बिहार आना होगा आसान; नोट करें डिटेल
रेलवे ने दीपावली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की भीड़ को देखते हुए राजस्थान से पटना के बीच आरा जंक्शन होकर दो जोड़ी पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं।

त्योहारों पर आरा जंक्शन से आसान होगा सफर। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
दीपावली और छठ के लिए पूजा स्पेशल ट्रेनें शुरू।
राजस्थान से पटना तक आरा होकर चलेंगी दो जोड़ी ट्रेनें।
त्योहारों में यात्रियों को मिलेगी अतिरिक्त यात्रा सुविधा।
जागरण संवाददाता, आरा। दीपावली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे की ओर से पूजा स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है।
दानापुर रेल मंडल के अंतर्गत आरा जंक्शन होकर राजस्थान से पटना के बीच दो जोड़ी पूजा स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा। इन ट्रेनों के चलने से राजस्थान से बिहार आने-जाने वाले यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी।
खासकर आरा, पटना और आसपास के जिलों के यात्रियों को त्योहार के दौरान घर पहुंचने के लिए अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।
सुबह 10:30 बजे पटना पहुंचेगी खातीपुरा-पटना स्पेशल
गाड़ी संख्या 09715 खातीपुरा-पटना पूजा स्पेशल खातीपुरा से 9 से 30 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार को दोपहर 12 बजे खुलेगी। यह ट्रेन अगले दिन सुबह 8:30 बजे आरा जंक्शन पहुंचेगी और 10:30 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 09716 पटना-खातीपुरा पूजा स्पेशल 10 नवंबर से 1 दिसंबर तक प्रत्येक मंगलवार को दोपहर 12 बजे पटना से खुलेगी।
यह ट्रेन दोपहर 12:50 बजे आरा जंक्शन रुकती हुई अगले दिन सुबह 9:25 बजे खातीपुरा पहुंचेगी। इसी तरह हनुमानगढ़ से भी आरा होकर पटना के लिए पूजा स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी।
हनुमानगढ़-पटना पूजा स्पेशल 11 से 25 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को सुबह 10:30 बजे हनुमानगढ़ से खुलेगी। अगले दिन शाम 7:30 बजे पटना पहुंचेगी।
पटना से हनुमानगढ़ के लिए रात 10 बजे खुलेगी ट्रेन
वापसी में पटना-हनुमानगढ़ पूजा स्पेशल 12 से 26 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को रात 10 बजे पटना से खुलेगी और अगले दिन सुबह 9 बजे हनुमानगढ़ पहुंचेगी।
इन स्टेशनों से होकर गुजरेगी ट्रेन दोनों पूजा स्पेशल ट्रेनों का मार्ग राजस्थान और उत्तर प्रदेश के प्रमुख स्टेशनों से होकर निर्धारित किया गया है।
इनके रास्ते में बीकानेर, चूरू, सीकर, जयपुर, भरतपुर, टूंडला, प्रयागराज, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (डीडीयू), आरा और पटना स्टेशन शामिल हैं। रेलवे की इस पहल से त्योहार के दौरान लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।