ट्रेन में रात 11 से 5 बजे तक मोबाइल चार्जिंग बंद, रेलवे ने क्यों जारी किया ऐसा आदेश
रेलवे ने दीपावली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर ट्रेनों में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक मोबाइल चार्जिंग पर रोक लगा दी है।

ट्रेन में रात 11 से 5 बजे तक मोबाइल चार्जिंग बंद
HighLights
रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक चार्जिंग बंद।
दीपावली और छठ पूजा के दौरान विशेष सख्ती।
आग लगने की घटनाओं से बचाव हेतु निर्णय।
जागरण संवाददाता, आरा। दीपावली और छठ पूजा के दौरान ट्रेनों में रात में सफर करने वाले हैं तो मोबाइल की बैटरी फुल चार्ज कर ही ट्रेन पर चढ़ें। यात्रियों की बढ़ती भीड़ और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने मोबाइल, लैपटॉप और पावर बैंक की चार्जिंग को लेकर सख्ती बरतने का निर्णय लिया है।
जारी निर्देशों के मुताबिक, ट्रेनों में रात 11 बजे से सुबह पांच बजे तक चार्जिंग प्वाइंट की बिजली आपूर्ति बंद रखने का प्रावधान है। इस दौरान यात्री कोच में लगे चार्जिंग साकेट का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे। आरा से चलने और गुजरने वाली सभी ट्रेनों में यह व्यवस्था लागू कर दी गई है।
रेलवे की ओर से ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह व्यवस्था लागू करने की बात कही गई है। खासकर त्योहारों के दौरान दिल्ली, मुंबई, पंजाब और देश के अन्य हिस्सों से बिहार आने वाली ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है।
ऐसे में कोचों में अतिरिक्त भीड़ के बीच आग लगने की घटना यात्रियों के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। रात के समय अधिकतर यात्री सो रहे होते हैं, जिससे किसी आपात स्थिति में समय रहते घटना का पता लगाना और बचाव कार्य करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
चार्जिंग के दौरान आग लगने का खतरा
मोबाइल फोन, लैपटाप और पावर बैंक को लंबे समय तक चार्ज करने, खराब चार्जर इस्तेमाल करने या बैटरी के अत्यधिक गर्म होने से आग लगने का खतरा पैदा हो सकता है। पर्व के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ बोगियों में रह रही है।
रेलवे का यह कदम ऐसी संभावित घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से उठाया गया है। रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि चार्जिंग के दौरान मोबाइल बैट्री में अगलगी की कुछ घटना सामने आने के बाद यह दिशानिर्देश जारी किया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।