LIC एजेंट के बेटे ने बिहार बोर्ड मैट्रिक में हासिल किया 8वां स्थान, इंजीनियर बनना चाहते हैं आरा के रौशन कुमार
BSEB 10th Topper: रौशन कुमार ने बिहार बोर्ड मैट्रिक परीक्षा में राज्य में आठवां स्थान प्राप्त किया, 483 अंक हासिल कर बिहिया का मान बढ़ाया। वह नियमित प ...और पढ़ें
HighLights
रौशन कुमार ने मैट्रिक में राज्य में आठवां स्थान प्राप्त किया।
483 अंक हासिल कर बिहिया क्षेत्र का मान बढ़ाया।
अनुराग कुमार ने भी 471 अंक प्राप्त कर गांव का नाम रोशन किया।
संवाद सूत्र, बिहिया (आरा)। नगर पंचायत बिहिया के बिहिया गांव निवासी एलआईसी एजेंट राजकुमार सिंह के पुत्र तथा प्लस टू उच्च विद्यालय बिहिया के छात्र रौशन कुमार ने बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की मैट्रिक परीक्षा के परिणाम में राज्य में आठवां स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है।
रौशन कुमार को कुल 483 अंक (96.6 प्रतिशत) प्राप्त हुए हैं। रौशन की इस उपलब्धि से बिहिया सहित पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई है।
परिजनों, शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने उसे बधाई दी है। अपनी सफलता का राज बताते हुए रौशन ने कहा कि वह स्कूल में नियमित रूप से पढ़ाई करता था। इसके अलावा शनिचरा बाबा के समीप स्थित ज्ञान स्थली कोचिंग संस्थान में भी पढ़ाई करता था।
कोचिंग के निदेशक सनोज कुमार के निर्देशन में वह रोजाना छह से आठ घंटे परीक्षा की तैयारी करता था। पढ़ाई के दौरान डाउट्स क्लियर करता था और साथियों के साथ ग्रुप डिस्कशन कर अपनी तैयारी को मजबूत बनाता था।
रौशन ने बताया कि उसका लक्ष्य इंजीनियर बनना है और आगे की पढ़ाई भी वह इसी उद्देश्य को ध्यान में रखकर करेगा। अपनी सफलता का श्रेय उसने माता-पिता के आशीर्वाद और गुरु के कुशल मार्गदर्शन को दिया है।
शिक्षक बनना चाहता है अनुराग
प्रखंड क्षेत्र के सेवगार गांव निवासी कृष्ण कुमार सिंह का सबसे छोटा पुत्र अनुराग कुमार ने मैट्रिक की परीक्षा में 471 अंक प्राप्त कर अपने माता-पिता तथा गांव का नाम रौशन किया है।

अनुराग कुमार।
अनुराग के पिता प्राइवेट नौकरी करते हैं तथा मां मीनू देवी गृहिणी हैं। अनुराग की प्राथमिक शिक्षा अपने पैतृक गांव सेवगार के प्राथमिक स्कूल से हुई। माध्यमिक शिक्षा राम जानकी प्लस टू हाई स्कूल उदवंंतनगर से हुई।
अनुराग को कुल 471अंक मिले तथा 94.2 प्रतिशत अंक लाकर स्कूल में सर्वाधिक अंक प्राप्त किया। अनुराग भविष्य में शिक्षक बनना चाहता है और अपनी सफलता को माता पिता का आशीर्वाद मानता है।
यह भी पढ़ें- BSEB 10th Topper: टॉप 10 में पहुंची फेरी वाले की बेटी, आसमान में उड़ान भरना चाहती है सासाराम की खुशी
यह भी पढ़ें- BSEB 10th Topper: प्लंबर की बेटी माही सेल्फ स्टडी से स्टेट की 7वीं टॉपर बनीं, लॉ में बनाएंगी कॅरियर