Bhojpur News: 12 दिन बाद चालू हुआ शाहपुर-बनाही डायवर्जन, 20 किमी के लंबे चक्कर से मिली मुक्ति
शाहपुर-बनाही स्टेशन रोड पर छेर नदी के क्षतिग्रस्त डायवर्जन की मरम्मत के बाद 12 दिनों से बाधित आवागमन शुक्रवार से बहाल हो गया है। ...और पढ़ें

12 दिन बाद चालू हुआ शाहपुर-बनाही डायवर्जन, 20 किमी के लंबे चक्कर से मिली मुक्ति
HighLights
शाहपुर-बनाही मार्ग पर 12 दिन बाद आवागमन बहाल।
छेर नदी पर क्षतिग्रस्त डायवर्जन की मरम्मत पूरी हुई।
हल्के वाहनों और आपातकालीन सेवाओं को प्राथमिकता।
संवाद सूत्र, शाहपुर (आरा)। तीन राष्ट्रीय राजमार्गों को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण शाहपुर-बनाही स्टेशन रोड पर रुद्रनगर के समीप छेर नदी पर पानी के तेज बहाव से क्षतिग्रस्त हुए डायवर्जन की मरम्मत ग्रामीण कार्य विभाग ने पूरी कर ली है। इसके साथ ही पिछले 12 दिनों से बाधित आवागमन शुक्रवार से पुनः सुचारू हो गया।
मार्ग खुलने से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। ग्रामीण कार्य विभाग के सहायक अभियंता अभिषेक कुमार ने बताया कि डायवर्जन को ईंट के टुकड़ों एवं रोड़ों से मजबूत किया गया है। इसके अलावा नदी के पानी का प्रवाह निर्बाध बनाए रखने के लिए तीन फीट व्यास की ह्यूम पाइप दो लेयर में बिछाई गई है।
उन्होंने बताया कि फिलहाल डायवर्जन को स्थिर होने के लिए समय दिया जा रहा है। यदि कहीं रोड़े या ईंट के टुकड़े बैठते हैं तो तत्काल पुनः मरम्मत कर उसे और मजबूत बनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभी केवल आवश्यक एवं हल्के वाहनों का परिचालन शुरू किया गया है। एंबुलेंस सहित अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को प्राथमिकता दी जा रही है, जबकि भारी वाहनों के परिचालन पर फिलहाल रोक रहेगी, ताकि डायवर्जन पर अतिरिक्त भार न पड़े और उसकी मजबूती बनी रहे।
गौरतलब है कि डायवर्जन बह जाने के कारण शाहपुर-बनाही स्टेशन रोड पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया था। इसका सबसे अधिक असर शाहपुर एवं आसपास के गांवों के लोगों पर पड़ा।
लोगों को महज दो किलोमीटर की दूरी तय कर शाहपुर बाजार पहुंचने के लिए करीब 20 किलोमीटर का लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा था। इससे समय ईंधन और आर्थिक नुकसान के साथ छात्रों, मरीजों एवं व्यवसायियों को भी भारी परेशानी उठानी पड़ रही थी।
खबरें और भी
अब डायवर्जन के चालू होने से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने विभाग द्वारा शीघ्र मरम्मत कार्य पूरा कर आवागमन बहाल किए जाने पर संतोष जताते हुए स्थायी पुल के शीघ्र निर्माण की भी मांग दोहराई है।