ट्रांसफार्मर खराबी से भोजपुर जिले के बड़े क्षेत्र में बिजली संकट, इनवर्टर भी हुए फेल; रोटेशन से सप्लाई
जगदीशपुर ग्रिड के 50 एमवीए ट्रांसफार्मर में खराबी आने से बिहिया, सहार और गड़हनी सहित कई क्षेत्रों में बिजली ठप है। भीषण गर्मी में उपभोक्ताओं को भारी प ...और पढ़ें

ट्रांसफार्मर खराबी से भोजपुर जिले के बड़े क्षेत्र में बिजली संकट, इनवर्टर भी हुए फेल; रोटेशन से सप्लाई
संवाद सूत्र, बिहिया (आरा)। भीषण गर्मी और उमस के बीच जगदीशपुर 132/33 केवी ग्रिड उपकेंद्र के 50 एमवीए ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आ गई है। इससे जगदीशपुर, बिहिया, गड़हनी, चरपोखरी, दुल्हीनगंज, हेतमपुर, अगिआंव और सहार समेत एक बड़े क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है।
बढ़ती गर्मी के कारण पहले से ही बिजली की मांग चरम पर थी, ऐसे समय में ट्रांसफार्मर खराब होने से उपभोक्ताओं की परेशानी का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। गौरतलब है कि जगदीशपुर ग्रिड से ही इन सभी क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति की जाती है।
विभाग ने लागू की रोटेशन प्रणाली
बिजली विभाग द्वारा जारी सूचना के अनुसार, ट्रांसफार्मर में आई खराबी के कारण जगदीशपुर पावर सब-स्टेशन को मिलने वाली विद्युत आपूर्ति बाधित हुई है। स्थिति को नियंत्रित करने और सभी क्षेत्रों में न्यूनतम बिजली उपलब्ध कराने के लिए विभाग ने रोटेशन प्रणाली लागू की है।
इसके तहत विभिन्न फीडरों में बारी-बारी से बिजली दी जा रही है। रोटेशन व्यवस्था के कारण कई इलाकों में निर्धारित अंतराल पर बिजली मिल रही है, जबकि कुछ क्षेत्रों में कटौती की अवधि काफी बढ़ गई है।
उमस भरे मौसम में बिजली की लगातार आवाजाही से लोगों को पेयजल, पंखा, कूलर और अन्य घरेलू कार्यों में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि लोगों के घरों में लगे इनवर्टर भी अब जवाब दे चुके हैं।
खबरें और भी
बेहाल लोग कर रहे फोन, विभाग की अपील: "धैर्य रखें"
हालात और चुनौतियां:क्षेत्र में बिल्कुल त्राहिमाम की स्थिति बनी हुई है। परेशान उपभोक्ता पावर ग्रिड से लेकर पावर सब-स्टेशन तक लगातार फोन कर रहे हैं, जिससे ऑपरेटरों की परेशानी बढ़ गई है।
विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे इस असामान्य परिस्थिति को देखते हुए धैर्य बनाए रखें तथा सब-स्टेशन के फोन का उपयोग केवल आपातकालीन कार्यों के लिए ही करें।
युद्धस्तर पर काम जारी, बदलना पड़ सकता है ट्रांसफार्मर
अधिकारियों का कहना है कि खराब ट्रांसफार्मर को दुरुस्त करने का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है और मरम्मत पूरी होते ही सामान्य आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
हालांकि, सहायक अभियंता नवीन कुमार ने बताया कि तकनीकी टीम द्वारा ट्रांसफार्मर की मरम्मत का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन संभावना यही है कि इस ट्रांसफार्मर को बदलना पड़ेगा। यदि ट्रांसफार्मर बदलना पड़ा, तो इसमें थोड़ा अधिक समय लग सकता है।
दूसरी ओर, क्षेत्र के उपभोक्ता पप्पू मिश्र, राघव दुबे और दुर्गेश दुबे आदि ने विभाग से शीघ्र मरम्मत कर नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि इस भीषण गर्मी में आम जनता को राहत मिल सके।