विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 02, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Arrah News: गर्भवती महिला सिपाही की प्रसव के दौरान मौत, डॉक्टर बोले- हार्ट अटैक से चली गई जान

By Deepak SinghEdited By: Aditi Choudhary
Published: Sun, 02 Jul 2023 01:55 PM (GMT+05:30)

भोजपुर जिले के आरा टाउन थाना क्षेत्र के महावीर टोला स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान एक महिला ...और पढ़ें

प्रसव के दौरान महिला सिपाही की मौत, डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप
प्रसव के दौरान महिला सिपाही की मौत, डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप

HighLights

  1. प्रसव के दौरान महिला सिपाही की मौत
  2. परिजनों ने डॉक्टर पर लगाया लापरवाही का आरोप
  3. साल 2015 में बिहार पुलिस में बहाल हुई थी जवान

जागरण संवाददाता, आरा: भोजपुर जिले के आरा टाउन थाना क्षेत्र के महावीर टोला स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान एक महिला सिपाही की मौत हो गई। रविवार की सुबह महिला सिपाही ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस केन्द्र डीएसपी राकेश कुमार रंजन, टाउन थानाध्यक्ष संजीव कुमार एवं कई महिला एवं पुरुष पुलिस जवान सदर अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली।

मृत महिला सिपाही 28 वर्षीया आभा कुमारी कैमूर जिला के चैनपुर थाना क्षेत्र के मझुई गांव निवासी सुजीत सिंह की पत्नी थी। वह वर्तमान में भोजपुर के पुलिस लाइन में महिला सिपाही जवान के रूप में कार्यरत थी। शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराया गया। स्वजनों ने लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।

ऑपरेशन के लिए ओटी में ले जाने के बाद मौत

इधर, मृत महिला सिपाही के पति सुजीत सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी नौ माह की गर्भवती थी‌। दो माह पूर्व से ही महावीर टोला स्थित निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। शनिवार की शाम जब तेज दर्द हुआ तो स्वजन उसे इलाज के लिए महावीर टोला स्थित महिला डाक्टर के यहां लेकर पहुंचे।

महिला डॉक्टर ने देखने के बाद ऑपरेशन की सलाह दी और भर्ती कर लिया। रविवार की सुबह स्लाइन लगाया गया और दो सुई दी गई। इसके बाद आपरेशन के लिए ओटी में ले गए। ऑपरेशन थिएटर में ले जाने के करीब 10 मिनट बाद डॉक्टर ने पति सुजीत सिंह को बुलाया और कहा कि आपकी पत्नी की मौत हो गई है। उन्हें हार्ट अटैक आ गया था। मौत की सूचना पर मृत महिला सिपाही के मायकेवाले भी वहां पहुंचे।

चार सदस्यीय डाक्टरों की टीम ने किया पोस्टमार्टम

शव को पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम कराया। दूसरी ओर मृत महिला सिपाही जवान के पति सुजीत सिंह ने डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही बरतने के कारण पत्नी की मौत होने का आरोप लगाया। पुलिस द्वारा बनाए गए मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार, महिला सिपाही की मौत प्रसव के दौरान होना प्रतीत होता है।

हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगा। भोजपुर सिविल सर्जन डॉ सुरेश प्रसाद सिंह के निर्देश पर चार सदस्यीय डॉक्टरों की टीम का गठन किया गया, जिन्होंने महिला सिपाही के शव का पोस्टमार्टम किया। महिला सिपाही साल 2015 में बिहार पुलिस में बहाल हुई थी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।