विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भोजपुर में चाय दुकान पर बैठे युवक को बदमाशों ने मारी गोली, इलाज के दौरान मौत, हत्या के विरोध में सड़क जाम

Published: Thu, 03 Sep 2026 11:53 PM (IST)

भोजपुर जिले के जगदीशपुर में तेंदुनी मोड़ के पास एक चाय दुकान पर बैठे युवक अभय यादव (20) की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

अभय की मौत पर विलाप करतीं महिलाएं।

अभय की मौत पर विलाप करतीं महिलाएं।

HighLights

  1. युवक अभय यादव की जगदीशपुर में गोली मारकर हत्या।

  2. चाय दुकान पर बैठे थे, सीने में लगी गोली।

  3. पुलिस कर रही जांच, संदिग्ध गतिविधियों की भी पड़ताल।

जागरण टीम,आरा/जगदीशपुर। भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के तेंदुनी मोड़ के समीप गुरुवार की रात चाय दुकान पर बैठे एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक सवार हमलावर फरार हो गए।मृतक की पहचान जगदीशपुर नगर पंचायत के वार्ड संख्या 12 स्थित विशेन टोला निवासी मनोज यादव के 20 वर्षीय पुत्र अभय यादव के रूप में हुई है।

उसके सीने के पास गोली लगने का निशान पाया गया है। मृतक के भाई अमित यादव ने तियर थाना क्षेत्र के अंधारीबाग निवासी मनीष, राहुल यादव समेत अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है।

इधर, भोजपुर एसपी अवधेश दीक्षित ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मृतक युवक के संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त होने की बात भी सामने आ रही है। 

ara  3

संदिग्ध गतिविधियों में शामिल होने की सामने आई बात 

पुलिस स्वजन से पूछताछ करने के साथ स्थानीय स्तर पर भी जानकारी जुटा रही है। हत्या के कारणों और वारदात में शामिल आरोपितों का पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।

घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही संदिग्ध लोगों की गतिविधियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

बताया जाता है कि गुरुवार की रात अभय यादव तेंदुनी मोड़ स्थित एक चाय दुकान के पास बैठा था। इसी दौरान हथियारबंद बदमाश ने उसे गोली मार दी। गोली सीने के पास लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

ara  2

घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की।

पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए जगदीशपुर डीएसपी राहुल कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली।

साक्ष्यों के वैज्ञानिक संकलन के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। एफएसएल जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से घटना से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

हत्या से आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम, आगजनी

jam

इधर,अभय यादव की हत्या के विरोध में शुक्रवार को दूसरे दिन आक्रोशित स्थानीय लोगों और स्वजन ने शव के साथ सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

सुबह करीब 11 बजे नयका टोला मोड़ स्थित ओवरब्रिज के नीचे शव रखकर लोगों ने जगदीशपुर-पीरो और जगदीशपुर-बिहिया स्टेट हाईवे को जाम कर दिया।

आक्रोशित लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर घटना के प्रति अपना विरोध जताया। सड़क जाम होने के कारण जगदीशपुर बिहिया और जगदीशपुर पीरो स्टेट हाईवे 102 पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया।

प्रदर्शनकारी हत्याकांड में शामिल अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया।

काफी देर तक लोगों और पुलिस के बीच बातचीत चलती रही। मौके पर पहुंचे डीएसपी राहुल कुमार ने लोगों को  आश्वासन दिया कि हत्याकांड में शामिल अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

डीएसपी के आश्वासन के बाद आक्रोशित लोग शांत हुए और करीब 50 मिनट बाद सड़क जाम समाप्त कर दिया गया। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में यातायात सामान्य कराया गया। हत्या की घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।