यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 02, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पहलगाम हमले के बाद बिहार में पाकिस्तान के विरोध की निकाली अजीब तरकीब, पुलिस बोली- ऐसा न करें
बिहार में पाकिस्तान के विरोध की अजीब तरकीब निकाली गई। बक्सर में स्थानीय लोग वारदात के बाद से प्रदर्शन कर रहे थे। इस बीच विरोध करते हुए सड़क पर पड़ोसी ...और पढ़ें

HighLights
- पाकिस्तान का झंडा बना लिखा मुर्दाबाद
- शहर की दीवारों पर भी दिखे विरोध के सुर
जागरण संवाददाता, बक्सर। पिछले दिनों पहलगाम में आतंकवादियों द्वारा सरेआम हिंदुओं की सामूहिक हत्या के बाद पूरे देश में पाकिस्तान के खिलाफ आक्रोश दिखाई दे रहा है। लोग तरह तरह से अपने विरोध का इजहार कर रहे हैं। आतंकियों के इस कृत्य का बक्सर में भी पुरजोर विरोध हो रहा है।
पुलिस बोली, यह सार्वजनिक संपत्ति है
इस बीच शहर के दो स्थानों पर स्थानीय नागरिकों ने सड़क पर ही पाकिस्तान का झंडा बनाते हुए उसके नीचे पाकिस्तान मुर्दाबाद और भिखमंगा जैसे शब्दों को लिख अपना आक्रोश व्यक्त किया। हालांकि, पुलिस ने इसे सार्वजनिक संपत्ति पर ऐसा करना असंवैधानिक बताते हुए लोगों को ऐसा करने से मना कर दिया।
सूचना मिलने पर दलबल के साथ पहुंचे डीएसपी
घटना के संबंध में जानकारी देते सदर डीएसपी धीरज कुमार ने बताया कि गुरुवार की सुबह शहर के गजाधरगंज में सड़क और दीवार पर पाकिस्तानी झंडा पेंट कर बनाए जाने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। हालांकि, निरीक्षण में पाया गया कि पेंट से पाकिस्तानी झंडा बनाते हुए उसके नीचे पाकिस्तान मुर्दाबाद और भिखमंगा शब्द लिखा था।
जगह-जगह बना दिया पाकिस्तान का झंडा
इसे देख लिखने वालों की मंशा पुलिस की समझ में आ गई। वहीं एक दीवार पर सिर्फ पाकिस्तानी झंडा बना देख लोगों को ऐसा करने से मना करते पुलिस ने उन्हें समझाया कि सड़क सार्वजनिक संपत्ति है और इसे नुकसान पहुंचाना अपराध की श्रेणी में आता है। साथ ही, पाकिस्तानी झंडा बनाने के साथ उसे क्रास जरूर कर दें अन्यथा यह देशद्रोह की श्रेणी में आएगा।
खबरें और भी
तस्वीर से किसी तरह मिटाया पेंट
इस दौरान सड़क पर बने झंडे की तस्वीर को किसी तरह काला पेंट आदि करते हुए मिटाया गया। अभी इस घटना को कुछ ही घंटे बीते थे कि तभी गुरुवार की शाम मेन रोड स्थित महावीर स्थान पर भी, इसी तरह सड़क पर पाकिस्तानी झंडा बनाकर मुर्दाबाद शब्द लिखे जाने की सूचना मिली तो उसे भी मिटाया गया।
सार्वजनिक स्थलों को नुकसान न पहुंचाएं
स्थानीय लोगों को बताया गया कि आप खुलकर पाकिस्तान का विरोध करें पर इस तरह सार्वजनिक स्थलों को नुकसान पहुंचाकर नहीं। विरोध प्रकट करने के और भी बहुत सारे तरीके हैं, जिनसे हम अपने विरोध का इजहार कर सकते हैं। इस तरह सड़क का दुरुपयोग करने से विधि व्यवस्था की समस्या भी उत्पन्न हो सकती है। हालांकि, बात समझ में आने के बाद लोगों ने मामले की गंभीरता को समझते हुए भविष्य में ऐसा नहीं करने का पुलिस को आश्वासन दिया।