Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बलिया-आरा रेल प्रोजेक्‍ट का रघुनाथपुर से हो एलाइनमेंट; 61 से घटकर 35 KM रह जाएगी लाइन, व‍िधायक ने बताया कारण

    Updated: Sun, 17 May 2026 01:47 PM (IST)

    विधायक शंभूनाथ यादव ने बलिया-आरा रेल परियोजना का एलाइनमेंट रघुनाथपुर स्टेशन से करने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे परियोजना की दूरी और लागत कम हो ...और पढ़ें

    रेल लाइन का एलाइनमेंट बदलने की मांग।

    रेल लाइन का एलाइनमेंट बदलने की मांग।

    HighLights

    1. रघुनाथपुर से एलाइनमेंट की विधायक ने की मांग।

    2. परियोजना की दूरी 61 से घटकर 35 KM होगी।

    3. धार्मिक पर्यटन और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा।

    संवाद सहयोगी, सिमरी (बक्सर)। ब्रह्मपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक शंभूनाथ यादव ने बलिया–आरा प्रस्तावित रेल परियोजना का एलाइनमेंट जगजीवन हॉल्ट की जगह रघुनाथपुर स्टेशन से किए जाने की मांग उठाई है।

    इस संबंध में उन्होंने रेल मंत्री को पत्र भेजकर परियोजना के पुनर्विचार का आग्रह किया है। विधायक ने अपने पत्र में कहा है कि बक्सर जिले का रघुनाथपुर क्षेत्र धार्मिक, पर्यटन, व्यापारिक एवं भौगोलिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है।

    उन्होंने उल्लेख किया कि अमृत भारत योजना में शामिल रघुनाथपुर स्टेशन से करीब तीन किलोमीटर उत्तर स्थित बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर बिहार का प्रसिद्ध धार्मिक स्थल है, जहां हर वर्ष लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं।

    ब्रह्मेश्‍वर नाथ और भृगुनाथ धाम के बीच होगा सीधा संपर्क

    यदि प्रस्तावित रेल मार्ग रघुनाथपुर से होकर गुजरता है, तो बिहार के बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ धाम एवं उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध बाबा भृगूनाथ धाम के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित हो सकेगा।

    इससे धार्मिक पर्यटन को नया विस्तार मिलेगा। पत्र में विधायक ने रघुनाथपुर को तेजी से विकसित हो रहा औद्योगिक क्षेत्र बताते हुए कहा कि यहां लगभग 500 करोड़ रुपये की लागत से तीन एमपीटीए क्षमता का जेके सीमेंट प्लांट संचालित है।

    वहीं नवानगर क्षेत्र में स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन के तहत कोकाकोला का प्लांट भी स्थापित किया गया है। ऐसे में रेल संपर्क बेहतर होने से बिहार एवं उत्तर प्रदेश के बीच व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

    उन्होंने कहा कि रघुनाथपुर की भौगोलिक स्थिति बक्सर एवं भोजपुर जिले की सीमा पर होने के कारण इसका लाभ दोनों जिलों के हजारों गांवों को मिलेगा।

    एलाइनमेंट बदलने से लागत एवं दूरी में आएगी कमी

    विधायक ने यह भी दावा किया कि वर्तमान प्रस्तावित एलाइनमेंट में कई स्थानों पर दलदली भूमि होने से तकनीकी एवं आर्थिक कठिनाइयों की संभावना है।

    जबकि रघुनाथपुर से एलाइनमेंट किए जाने पर रेल मार्ग की दूरी लगभग 61 किलोमीटर से घटकर 35 किलोमीटर रह जाएगी, जिससे परियोजना की लागत एवं निर्माण समय में उल्लेखनीय कमी आएगी।

    विधायक ने रेल मंत्री से जनभावनाओं एवं परियोजना की व्यवहारिकता को ध्यान में रखते हुए रघुनाथपुर स्टेशन से एलाइनमेंट किए जाने पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की है। 

    यह भी पढ़ें- 2300 करोड़ से बनेगी आरा-बलिया रेल लाइन; 78 करोड़ का सर्वे पूरा; अब निर्माण का इंतजार, पूर्वांचल के लिए बड़ी सौगात

    खबरें और भी