उत्तर प्रदेश सरकार की सड़क पर बिहार ने लगाई रोक, योजना पूरी हुई तो बलिया जिले से सीधा जुड़ेगा बक्सर
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा बलिया से बक्सर-कोईलवर तटबंध तक बनाई जा रही सड़क का काम बिहार के जल संसाधन विभाग ने रोक दिया है। एनओसी न मिलने के कारण यह निर ...और पढ़ें
-1783308400128_m.webp)
बक्सर कोईलवर तटबंध के समीप यूपी की नई सड़क के निर्माण पर लगी रोक। जागरण
HighLights
यूपी की सड़क का निर्माण बक्सर में रुका।
बिहार जल संसाधन विभाग ने एनओसी नहीं दी।
दोनों राज्यों की कनेक्टिविटी पर पड़ा असर।
संवाद सहयोगी, ब्रह्मपुर (बक्सर)। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा बलिया जिले के बयासी गांव स्थित जनेश्वर मिश्र पुल से बक्सर-कोईलवर तटबंध तक बनाई जा रही नई सड़क का काम रोक दिया गया है।
बिहार के जल संसाधन विभाग ने अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) नहीं मिलने के कारण निर्माण पर रोक लगाई है। बक्सर से यह एनओसी नहीं मिली है।
यह सड़क परानपुर होते हुए चक्की गांव के सामने बक्सर-कोईलवर तटबंध पर आकर मिलती है, जहां अंतिम बिंदु पर सड़क और तटबंध के बीच लगभग 25 से 30 मीटर के फासले पर बिहार सरकार की जमीन है।
एक माह पहले ही दिया था आवेदन
निर्माण एजेंसी के टुन्नू जी पाठक के अनुसार, बलिया के पथ निर्माण विभाग द्वारा करीब एक महीना पहले ही बक्सर के अधिकारियों को अनापत्ति प्रमाण पत्र के लिए आवेदन दिया गया है, जो अभी तक लंबित है।
यूपी के सीमा क्षेत्र में लगभग नौ मीटर चौड़ी यह सड़क पूरी तरह बनकर तैयार हो चुकी है और इसमें बड़े-बड़े पुल भी बनाए गए हैं।
दरअसल, गंगा की धारा से दक्षिण की ओर पड़ने वाले बलिया के कुछ गांवों का जमीनी संपर्क बिहार से बेहतर है, लेकिन अपने ही राज्य के प्रशासनिक केंद्रों तक जाने के लिए उन्हें गंगा पार करनी पड़ती है।
बिहार-यूपी के लिए लाइफलाइन
इसी सुविधा के लिए यूपी सरकार ने गंगा पर जनेश्वर मिश्र पुल बनाया था, जिसे अब बिहार के गांवों से जोड़ने के लिए इस सड़क का निर्माण किया जा रहा है।
यह सड़क मार्ग बिहार और यूपी के बीच संपर्कता को बेहद आसान व नजदीक कर दोनों राज्यों के लिए नई लाइफ लाइन साबित होगा।
इससे बक्सर और भोजपुर के लोगों को बारिश के मौसम में भी आवागमन में सुविधा होगी और कई जिलों की दूरी कम हो जाएगी।
इस बीच, चक्की के स्थानीय निवासी विश्राम सिंह और सोमेश्वर यादव ने बिहार सरकार द्वारा अपनी सड़क न बनाने और यूपी सरकार की इस महत्वपूर्ण सड़क के काम पर रोक लगाने को लेकर नाराजगी जताई है।
विभाग द्वारा अनापत्ति प्रमाण पत्र नहीं दिया गया है। मैंने खुद चक्की गांव में निर्माण स्थल पर जाकर निरीक्षण किया है और इसके लिए रिपोर्ट विभाग के वरीय अधिकारी के पास भेज दी गई है। आदेश प्राप्त होने के बाद निर्माण की स्वीकृति दे दी जाएगी।
कन्हैया लाल सिंह, कार्यपालक अभियंता, जल संसाधन विभाग, बक्सर