बक्सर के मझरिया में खुला जीविका सुधा बिक्री केंद्र, चांदनी को मिला स्वरोजगार का सहारा
बक्सर के मझरिया गांव में जीविका सुधा बिक्री केंद्र का उद्घाटन हुआ, जिससे ग्रामीणों को सुधा उत्पाद आसानी से मिलेंगे। ...और पढ़ें

मझरिया में खुला जीविका सुधा बिक्री केंद्र, चांदनी को मिला स्वरोजगार का सहारा
HighLights
बक्सर के मझरिया में जीविका सुधा बिक्री केंद्र खुला।
ग्रामीणों को दुग्ध उत्पाद, महिलाओं को मिला स्वरोजगार।
चांदनी देवी केंद्र संचालित कर बनेंगी आत्मनिर्भर।
जागरण संवाददाता, बक्सर। जिले की खुटहा पंचायत अंतर्गत मझरिया गांव में सोमवार को जीविका सुधा बिक्री केंद्र का शुभारंभ हुआ। जिला पदाधिकारी साहिला ने केंद्र का उद्घाटन किया। केंद्र के खुलने से ग्रामीणों को अब अपने ही पंचायत क्षेत्र में सुधा के दूध एवं विभिन्न दुग्ध उत्पाद आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे।
वहीं, जीविका से जुड़ी महिला को स्वरोजगार का अवसर भी मिला है। जीविका सुधा बिक्री केंद्र का आवंटन संगम संकुल स्तरीय संघ के अंतर्गत हीरा जीविका स्वयं सहायता समूह की सदस्य चांदनी देवी को किया गया है।
जाहिर हो, केंद्र के संचालन से चांदनी को नियमित आय का अवसर मिलेगा और वे स्थायी आजीविका गतिविधि से जुड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकेंगी।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि जीविका सुधा बिक्री केंद्र ग्रामीण महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सुधा के दूध और अन्य दुग्ध उत्पादों की सहज उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ जीविका की महिला सदस्यों को स्वरोजगार एवं नियमित आय का अवसर प्रदान करना है।
उन्होंने कहा कि इस पहल से महिलाओं को अपना व्यवसाय संचालित करने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा।
साथ ही, ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर उद्यमिता और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। जीविका सुधा बिक्री केंद्र के माध्यम से ग्रामीणों को गुणवत्तापूर्ण दुग्ध उत्पाद स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होने के साथ ही महिला उद्यमिता को नई दिशा मिलेगी।
यह केंद्र ग्रामीण महिलाओं के लिए केवल व्यवसाय का माध्यम नहीं, बल्कि आर्थिक आत्मनिर्भरता, नियमित आय और सम्मानजनक आजीविका की ओर बढ़ने का महत्वपूर्ण साधन बन रहा है। केंद्र के शुभारंभ के मौके पर ग्रामीणों में भी उत्साह देखा गया।
ग्रामीणों ने पंचायत स्तर पर दूध एवं दुग्ध उत्पाद उपलब्ध होने की पहल का स्वागत किया। मौके पर उप विकास आयुक्त निहारिका छवि समेत जीविका के पदाधिकारी एवं संगम संकुल स्तरीय संघ के लोग मौजूद थे।
