427 करोड़ से चमकेगा बक्सर: गंगा में फ्लोटिंग रेस्टोरेंट और शहर में मल्टीलेवल पार्किंग, 9 योजनाओं को मंजूरी
बक्सर नगर परिषद की 427 करोड़ रुपये की नौ शहरी विकास योजनाओं को मंजूरी मिल गई है, जिनमें फ्लोटिंग रेस्तरां और मल्टी-लेवल पार्किंग शामिल हैं। ...और पढ़ें

427 करोड़ की नौ योजनाओं से बदलेगी नगर की तस्वीर (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, बक्सर। अगर सब कुछ ठीक रहा, तो जिला मुख्यालय की तस्वीर जल्दी ही बदलने वाली है। बक्सर नगर परिषद ने केंद्र सरकार की अर्बन चैलेंज योजना के तहत शहर के समग्र विकास के लिए 427 करोड़ रुपये की लागत वाली नौ महत्वाकांक्षी योजनाओं का प्रस्ताव तैयार कर विभाग को भेजा था, जिसे विभाग ने मंजूर कर लिया है।
इसमें फ्लोटिंग रेस्तरां (रेस्टोरेंट) से लेकर मल्टी लेवल पार्किंग जैसी योजनाएं शामिल हैं। प्रस्ताव में पर्यटन, यातायात, व्यापारिक सुविधाओं और स्मार्ट सिटी जैसी आधारभूत संरचनाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है।
सभी योजनाओं के लिए संभावित स्थलों का प्रारंभिक चयन कर लिया गया है और जल्द ही विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।
गंगा नदी में करीब 22 करोड़ रुपये की लागत से फ्लोटिंग रेस्टोरेंट, बोटिंग और अन्य पर्यटन सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इससे गंगा तट पर पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की संभावना है।
58 करोड़ रुपये की लागत से मल्टीपर्पज कमर्शियल कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा। इसके अलावा सर्किट हाउस के पास 40 करोड़ रुपये में होटल सह कामर्शियल कॉम्प्लेक्स तथा महात्मा गांधी बाजार में 42 करोड़ रुपये की लागत से बहुमंजिला शापिंग कॉम्प्लेक्स और पार्किंग का निर्माण प्रस्तावित है।
यातायात व्यवस्था का होगा आधुनिकीकरण
शहर में बढ़ते वाहनों को देखते हुए किला मैदान में 28 करोड़ रुपये से मल्टीलेवल स्मार्ट पार्किंग, रेलवे स्टेशन के समीप 24 करोड़ रुपये से मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट हब और बाईपास क्षेत्र में 65 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक मल्टीलेवल बस स्टैंड विकसित किया जाएगा।
बस स्टैंड से मठिया मुहल्ला तक ईको पार्क की योजना
जेपी बस स्टैंड से मठिया मोहल्ला तक मृत सोन नहर के किनारे 28 करोड़ रुपये की लागत से इको पार्क और वेंडिंग जोन बनाया जाएगा, जिससे हरित क्षेत्र बढ़ेगा और छोटे कारोबारियों को व्यवस्थित स्थान मिलेगा।
खबरें और भी
स्मार्ट सिटी की सुरक्षा व्यवस्था के लिए बनेगा आईसीसी
शहर की सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन और नागरिक सेवाओं की निगरानी के लिए 120 करोड़ रुपये की लागत से इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर स्थापित किया जाएगा।
विभागीय स्वीकृति मिलने के बाद इन योजनाओं का क्रियान्वयन शुरू होने पर बक्सर में आधुनिक शहरी सुविधाओं का विस्तार होगा, पर्यटन और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा तथा शहर के समग्र विकास को नई गति प्राप्त होगी।