विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वामन द्वादशी पर कल बक्सर पहुंचेंगे CM सम्राट, बनेंगे मुख्य यजमान; सोन नहर और विश्वामित्र पार्क का भी लेंगे जायजा

Published: Tue, 22 Sep 2026 11:42 AM (IST)

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी वामन द्वादशी पर बक्सर का दौरा करेंगे, जहां वे वामन मंदिर में मुख्य यजमान के रूप में ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, बक्सर। वामन द्वादशी के मौके पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बुधवार (23 स‍ितंंंबरर) को बक्सर जिले के एकदिवसीय दौरे पर रहेंगे।

वह बक्सर केंद्रीय कारा परिसर में स्थित भगवान वामन के मंदिर में होने वाली पूजा में मुख्य यजमान के तौर पर शामिल होंगे। मान्यता है कि भगवान वामन का अवतार सिद्धाश्रम बक्सर धाम की भूमि पर ही हुआ था।

हाल ही में सरकार ने केंद्रीय कारा परिसर और मंदिर के बीच एक नई चारदीवारी खड़ी करते हुए मंदिर को जेल के नियंत्रण से मुक्त करने की योजना को मंजूरी दी है।

मुख्यमंत्री का वामन मंदिर में कुछ महीनों के अंदर यह दूसरा भ्रमण कार्यक्रम होगा। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पूरे भ्रमण क्षेत्र में अभेद्य और फुल-प्रूफ सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है।

दोपहर 12:30 में मंदिर पहुंचेंगे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री दोपहर 12:00 बजे पटना हवाई अड्डे से हेलीकाप्टर द्वारा प्रस्थान कर 12:20 बजे बक्सर हवाई अड्डा हेलीपैड पहुंचेंगे।

वहां से सड़क मार्ग से दोपहर 12:30 बजे प्रसिद्ध वामन भगवान मंदिर पहुंचेंगे, जहां वे पूजा-अर्चना करेंगे। इसके पश्चात, वे दोपहर 12:50 बजे बक्सर प्रखंड के चुरामनपुर पंचायत स्थित 'पंचायत सरकार भवन' के लिए रवाना होंगे।

इस मार्ग में वे सोन नहर कैनाल का भ्रमण भी करेंगे। इस नहर के दोनों किनारों पर विश्वामित्र पार्क बनाने की योजना है।

चुरामनपुर में जीविका दीदियों से करेंगे संवाद

दोपहर 01:00 बजे चुरामनपुर पंचायत सरकार भवन पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री जीविका भवन का निरीक्षण करेंगे, 'कहानी बदलाव की' के तहत स्थानीय लाभार्थियों और जीविका दीदियों से सीधा संवाद करेंगे।

साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का जायजा लेंगे तथा सोन नहर विश्वामित्र पार्क प्रोजेक्ट के थ्रीडी माडल व पीपीटी प्रस्तुति का अवलोकन करेंगे।

भाजपा कार्यालय में करेंगे कार्यकर्ता संवाद

इसके बाद दोपहर 01:20 बजे वे सड़क मार्ग से अहिरौली स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय के लिए प्रस्थान करेंगे। दोपहर 01:25 से 01:35 बजे तक वे पार्टी कार्यालय में भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे।

अंत में, दोपहर 01:40 बजे वे सरस्वती विद्या मंदिर स्थित हेलीपैड से हेलीकॉप्टर द्वारा पटना के लिए वापस लौट जाएंगे।

पूरे यात्रा मार्ग पर ड्रोन उड़ने पर रहेगा प्रतिबंध

कार्यक्रम स्थल एवं पूरे मार्ग पर एंटी-सबोटाज चेकिंग, ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध और त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी। मुख्यमंत्री के कारकेड में एडवांस्ड पायलट, मीडिया कार, विशेष शाखा के वाहन, एस्कार्ट, जैमर कार, एंबुलेंस और अग्निशामक यूनिट सहित कुल 19 गाड़ियां शामिल रहेंगी।

वीआइपी कारकेड और स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष रूप से 'बी पॉजिटिव' ब्लड ग्रुप के दो पुलिसकर्मियों को सिविल सर्जन के पास रिजर्व रखा गया है।

साथ ही खाद्य निरीक्षक द्वारा मुख्यमंत्री के लिए खान-पान की सामग्री की पूर्व जांच अनिवार्य की गई है। पूरे भ्रमण पथ और कार्यक्रम स्थलों को 12 सेक्टरों में विभाजित कर दंडाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों और जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

यह भी पढ़ें- वामन द्वादशी मेला और CM सम्राट चौधरी का दौरा, बक्सर में ट्रैफिक प्लान लागू; इन 3 मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध