धनतेरस पर बरसी लक्ष्मी: विक्टोरिया के सिक्कों और राजा-रानी की मुहरों ने लूटी महफिल, 2650 रुपए लगी कीमत
डुमरांव में धनतेरस पर पुराने राजा-रानी और विक्टोरिया के सिक्कों की खूब खरीदारी हुई, जिनकी कीमत 2650 रुपये प्रति सिक्का रही।

धनतेरस पर राजा-रानी और विक्टोरिया के सिक्कों ने मचाई धूम
HighLights
डुमरांव में धनतेरस पर पुराने सिक्कों की भारी मांग रही।
राजा-रानी और विक्टोरिया सिक्के 2650 रुपये में बिके।
सोने-चांदी, बर्तन, मूर्तियों की भी जमकर खरीदारी हुई।
रंजीत कुमार पांडेय, डुमरांव (बक्सर)। धनतेरस पर डुमरांव के सराफा बाजार में इस बार पुराने राजा-रानी और विक्टोरिया के सिक्के खरीदारों के मुख्य आकर्षण रहे।
2650 रुपये प्रति सिक्के की दर से बिके इन दुर्लभ सिक्कों तथा 2200 रुपये के नए सिक्कों समेत सोने-चांदी के आभूषणों की सुबह से देर शाम तक जमकर खरीदारी हुई।
शहर के गोला रोड स्थित श्रीकृष्णा ज्वेलर्स के प्रोपराइटर राजेश कुमार 'राजू' के अनुसार, इस वर्ष खरीदारी उम्मीद के अनुरूप रही और आभूषणों के साथ लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों की भी खूब बिक्री हुई।
लोगों ने सामर्थ्य और परंपरा के अनुसार शुभ मुहूर्त में खरीदारी की। वहीं, गोला रोड, स्टेशन बाजार, मुख्य बाजार और मेन रोड में बर्तन, झाड़ू, नई बाइक, पूजन सामग्री, मिट्टी के दीयों और मिठाइयों की दुकानों पर ग्राहकों की भारी भीड़ रही।
इलेक्ट्रॉनिक व्यवसायी अश्विनी कुमार ने बताया कि घर सजाने के लिए रंग-बिरंगी लाइटों और झालरों की मांग सबसे अधिक रही, जिससे विक्रेताओं में उत्साह दिखा।
पंडित संजय ओझा के अनुसार, धनतेरस पर सोना, चांदी, बर्तन, वस्त्र और झाड़ू खरीदना शुभ माना जाता है, जिससे घर में सुख-समृद्धि व सौभाग्य का आगमन होता है। इसी परंपरा और दीपोत्सव के उल्लास के बीच देर शाम तक खरीदारी का दौर जारी रहा।