बक्सर के डुमरांव में बनेगा 10 मीट्रिक टन का कोल्ड स्टोरेज; सब्जी किसानों को मिलेगा बड़ा फायदा
सहकारिता विभाग ने बक्सर के डुमरांव में 10 मीट्रिक टन क्षमता वाले कोल्ड स्टोरेज का निर्माण शुरू किया है। यह पहल सब्जी उत्पादक किसानों को उपज का बेहतर म ...और पढ़ें

डुमरांव में सब्जी के रखरखाव के लिए सहकारिता विभाग का निर्माणाधीन कोल्ड स्टोरेज। सौजन्य- बीसीओ
HighLights
डुमरांव में 10 मीट्रिक टन कोल्ड स्टोरेज का निर्माण शुरू।
सब्जी उत्पादक किसानों को उपज का उचित मूल्य मिलेगा।
फसल बर्बादी रोकने और आय बढ़ाने में सहायक होगा।
अनिल कुमार ओझा, डुमरांव (बक्सर)। सब्जी उत्पादक किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने और फसल की बर्बादी कम करने की दिशा में सहकारिता विभाग ने महत्वपूर्ण पहल की है।
विभाग ने डुमरांव में 10 मीट्रिक टन क्षमता वाले कोल्ड स्टोरेज के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके निर्माण के बाद किसान बाजार में तत्काल बिक्री नहीं होने पर अपनी सब्जियों का सुरक्षित भंडारण कर सकेंगे।
इससे उन्हें औने-पौने दाम पर उपज बेचने की मजबूरी नहीं होगी। प्रखंड सब्जी उत्पादक सहकारी समिति लिमिटेड के अध्यक्ष अविनाश कुमार ने बताया कि समिति किसानों के हित में लगातार कार्य कर रही है।
230 किसान जुड़े समिति से
वर्तमान में 230 सब्जी उत्पादक किसान समिति से जुड़े हैं। उन्होंने बताया कि नए किसान ऑनलाइन माध्यम से सदस्य बन सकते हैं। सदस्यता एवं प्रवेश शुल्क 200 रुपये निर्धारित किया गया है, जिसे ऑनलाइन जमा करना होगा।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष समिति के माध्यम से 30 ट्रक से अधिक टमाटर पटना भेजा गया था। इस वर्ष और बड़े स्तर पर सब्जियों के विपणन की योजना बनाई गई है, ताकि किसानों को उनकी उपज का बेहतर बाजार और उचित मूल्य मिल सके।
अविनाश कुमार ने बताया कि डुमरांव के अलावा ब्रह्मपुर और बक्सर में भी सब्जियों के सुरक्षित भंडारण के लिए कोल्ड स्टोरेज निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी है। डुमरांव में 30 वर्ष की लीज पर 10 कट्ठा जमीन लेकर कोल्ड स्टोरेज का निर्माण कराया जा रहा है।
कोल्ड स्टोरेज शुरू होने के बाद किसान बिक्री से बची हुई सब्जियों को सुरक्षित रख सकेंगे और अगले दिन बाजार की मांग के अनुसार उन्हें बेच सकेंगे।
इससे फसल की बर्बादी में कमी आएगी और किसानों की आर्थिक क्षति भी घटेगी। क्षेत्र के सब्जी उत्पादक किसान अब कोल्ड स्टोरेज के शीघ्र निर्माण और संचालन का इंतजार कर रहे हैं।
बोले पदाधिकारी
डुमरांव के प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी (बीसीओ) आनंद कुमार राव ने कहा कि कोल्ड स्टोरेज की स्वीकृति सब्जी उत्पादक किसानों के लिए बड़ी सौगात है। उन्होंने कहा कि विभाग का प्रयास है कि अधिक से अधिक किसान समिति से जुड़ें और कोल्ड स्टोरेज का लाभ उठाकर अपनी उपज का बेहतर मूल्य प्राप्त करें तथा अधिक मुनाफा कमा सकें।