Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    डुमरांव में ट्रैफिक का टेंशन, 6 साल से बाईपास पर अटकी फाइल; रेलवे क्लियरेंस बना रोड़ा

    Updated: Mon, 13 Apr 2026 09:03 AM (GMT+05:30)

    डुमरांव बाईपास रोड का निर्माण रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) की मंजूरी के अभाव में रुका हुआ है, जिससे स्थानीय लोग जाम और प्रदूषण से जूझ रहे हैं। करीब छह साल प ...और पढ़ें

    डुमरांव बाईपास का लंबे समय से इंतजार। प्रतीकात्‍मक फोटो

    डुमरांव बाईपास का लंबे समय से इंतजार। प्रतीकात्‍मक फोटो

    संवाद सहयोगी, डुमरांव (बक्सर)। वर्षों से सड़क जाम, धूल और ध्वनि प्रदूषण की मार झेल रहे डुमरांववासियों को अब तक राहत नहीं मिल सकी है।

    करीब छह वर्ष पहले स्वीकृत पांच किलोमीटर लंबे बाईपास रोड का निर्माण रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) की मंजूरी के अभाव में अटका हुआ है।

    जमीन अधिग्रहण का मामला पूर्ण

    सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा स्वीकृत इस परियोजना के तहत एनएच-120 पर पुराने भोजपुर के समीप ओवरब्रिज निर्माण का प्रस्ताव रेलवे के क्षेत्रीय कार्यालय, हाजीपुर को भेजा जा चुका है।

    निर्माण एजेंसी एनएच-120 पथ प्रमंडल, औरंगाबाद फिलहाल रेलवे से स्वीकृति मिलने का इंतजार कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही आरओबी की मंजूरी मिलेगी, बाईपास रोड का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

    इधर, डुमरांव के विधायक राहुल कुमार ने दावा किया है कि परियोजना को जल्द धरातल पर उतारने के लिए सभी बाधाओं को दूर किया जा रहा है।

    उन्होंने रोजाना लगने वाले जाम की समस्या के त्वरित समाधान के लिए स्थानीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए हैं।

    किसानों को भुगतान दिए जाने की प्रक्रिया जारी

    विधायक ने अकालुपुर पुलिया के पास हाइटगेज या बैरिकेडिंग लगाकर डुमरांव-ढकाइच मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही रोकने के निर्देश दिए हैं, ताकि शहर में ट्रैफिक दबाव कम किया जा सके।

    बाईपास निर्माण के लिए डुमरांव प्रखंड के बनकट, पुरैना, डुमरांव और पुराना भोजपुर कदीम मौजा की लगभग 4000 डिसमिल जमीन का अधिग्रहण पूरा हो चुका है।

    डुमरांव पश्चिमी रेलवे केबिन से पश्चिम दिशा में बनेगा फोरलेन आरओबी

    किसानों को मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया जारी है, जिसके लिए अंचल कार्यालय में शिविर लगाकर नोटिस जारी किए गए हैं।

    अनुमंडलाधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

    पटना-बक्सर एनएच-922 से बाईपास को जोड़ने के लिए प्रस्तावित आरओबी की मंजूरी मिलते ही काम शुरू हो जाएगा।

    यह प्रस्तावित बाईपास बिहारशरीफ-बिक्रमगंज-डुमरांव एनएच-120 का हिस्सा होगा, जो रेलवे लाइन को पार करते हुए पुराना भोजपुर के पास मुख्य मार्ग से जुड़ेगा।