विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिलिंडर बुकिंग का झंझट खत्म: डुमरांव वासियों को मिली PNG की सौगात, LPG से 25 प्रतिशत तक होगी सस्ती

Published: Sat, 24 Oct 2026 04:21 PM (IST)Updated: Sat, 24 Oct 2026 04:33 PM (IST)

डुमरांव में जिला पदाधिकारी साहिला ने पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) सेवा का उद्घाटन किया, जिससे शुरुआती चरण में 498 घरों को सिलिंडर बुकिंग की समस्या से मुक्ति मिलेगी।

डीएम ने किया उद्घाटन। (जागरण)

डीएम ने किया उद्घाटन। (जागरण)

HighLights

  1. डुमरांव में जिला पदाधिकारी ने पीएनजी रसोई गैस सेवा का उद्घाटन किया।

  2. शुरुआती चरण में 498 घरों को मिलेगा पाइपलाइन से गैस कनेक्शन।

  3. यह एलपीजी से सस्ता, सुरक्षित और सिलेंडर बुकिंग से मुक्ति दिलाएगा।

संवाद सहयोगी, डुमरांव (बक्सर)। डुमरांव वासियों को रसोई गैस पाइपलाइन की सुविधा मिल गई है। शनिवार को जिला पदाधिकारी साहिला ने टेक्सटाइल कॉलोनी में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) सेवा का फीता काटकर उद्घाटन किया।

शुरुआती चरण में 498 घरों को जोड़ने की योजना के साथ शुरू हुई इस सेवा से उपभोक्ताओं को सिलिंडर की बुकिंग और डिलीवरी की दिक्कतों से मुक्ति मिलेगी।

उद्घाटन के दौरान डीएम ने टेक्सटाइल कॉलोनी निवासी सुरेंद्र प्रसाद को पहला कनेक्शन प्रदान किया और पूजा झा के साथ गैस चूल्हा जलाकर आपूर्ति की जांच की।

इसके अलावा बबीता देवी, गजेंद्र तिवारी, राजेंद्र मिश्रा तथा रामाशीष सिंह को भी कनेक्शन प्रमाण पत्र सौंपे गए। उपभोक्ता जरूरत के अनुसार गैस का इस्तेमाल और निर्धारित प्रक्रिया से भुगतान कर सकेंगे, जिससे सिलिंडर खत्म होने की चिंता खत्म होगी।

इसके लिए हर कनेक्शन के साथ एक मीटर जोड़ा गया है। उपभोक्ता ने कितनी गैस की खपत की, इसकी गणना मीटर से होगी और बिजली बिल की तरह रसोई गैस के बिल का भुगतान करना होगा।

भुगतान का विकल्प ऑनलाइन भी उपलब्ध रहेगा। डीएम ने प्राकृतिक गैस को वजन में हल्की और सुरक्षित बताते हुए जिला आपूर्ति पदाधिकारी को इसके प्रचार-प्रसार व जागरूकता के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से भी पीएनजी अपनाने की अपील की।

बक्सर में सुविधा विस्तार का लक्ष्य

डीएम के अनुसार डुमरांव के बाद बक्सर शहर में भी यह सुविधा पहुंचाने का लक्ष्य है, जिससे जिले में घरेलू व व्यावसायिक गैस आपूर्ति का मजबूत विकल्प बनेगा।

अधिकारियों ने अगले साल तक बक्सर में भी सेवा की शुरुआत के संकेत दिए। इस अवसर पर एसडीएम राजीव कुमार, ईओ राहुल धर दुबे, स्वच्छता पदाधिकारी राजीव रंजन, सीओ बृजेश द्विवेदी, बीडीओ मोनालिसा प्रियदर्शिनी, बीपीआरओ रोहिणी कुमारी, इंडियन ऑयल के सीनियर मैनेजर अंकित कुमार, शहजेब कयूम, नीतीश कुमार, राजीव कुमार और जेई विकास कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

एलपीजी से सस्ता और सुरक्षित विकल्प

अधिकारियों ने बताया कि यह एलपीजी के मुकाबले सस्ता और सुरक्षित है। इसकी लागत एलपीजी की अपेक्षा करीब 25 प्रतिशत तक कम हो सकती है।

सिलिंडर बुक कराने और गोदाम के चक्कर लगाने से पूरी तरह मुक्ति मिलेगी। इस गैस का दबाव सिलिंडर में उच्च दबाव पर भरी एलपीजी से काफी कम होता है।

इसके कारण रिसाव का खतरा एलपीजी के मुकाबले कम रहता है। सिलिंडर फटने जैसी स्थिति इसमें नहीं हो सकती है, जो सबसे अधिक खतरनाक होती है।

यह भी पढ़ें- पटना में PNG सप्लाई का दायरा बढ़ा: 39 हजार से अधिक घरों में पहुंचे कनेक्शन, अगस्त में तैनात होंगी 50 टीमें

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।