बक्सर: मोबाइल रिपेयरिंग दुकान में चल रही थी शराब पार्टी, कट्टा-कारतूस के साथ 3 गिरफ्तार
डुमरांव पुलिस ने एक मोबाइल मरम्मत की दुकान में चल रही शराब पार्टी का भंडाफोड़ किया, जहां से तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया। छापेमारी के दौरान एक आरोप ...और पढ़ें

मोबाइल रिपेयरिंग दुकान में चल रही थी शराब पार्टी, कट्टा-कारतूस के साथ 3 गिरफ्तार
HighLights
मोबाइल दुकान में चल रही शराब पार्टी का भंडाफोड़।
तीन युवक गिरफ्तार, देसी कट्टा और कारतूस बरामद।
पुलिस का अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
संवाद सहयोगी, डुमरांव (बक्सर)। स्थानीय शहर में अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत डुमरांव पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए मोबाइल मरम्मत की दुकान में चल रही शराब पार्टी का भंडाफोड़ किया। छापामारी के दौरान शराब पी रहे तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया, इनमें से एक के पास देसी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शहर के एक मोबाइल रिपेयरिंग सेंटर में कुछ लोग बैठकर शराब का सेवन कर रहे हैं और उनके पास अवैध हथियार भी है। सूचना मिलते ही एएसपी पोलस्त कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दुकान में छापामारी की। पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद एक युवक हथियार छिपाकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन जवानों की सतर्कता से वह मौके पर ही दबोच लिया गया।
दुकान की सघन तलाशी में एक देसी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस और शराब बरामद हुई। तीनों आरोपितों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच कराने पर शराब पीने की पुष्टि हुई। पूछताछ में गिरफ्तार वशिष्ठ तिवारी ने बरामद हथियार और कारतूस अपना होने का स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान डुमरांव निवासी प्रकाश कुमार मिश्रा, बक्सर के उपाध्यायपुर निवासी वशिष्ठ तिवारी तथा शहर नौ के राजगढ़ निवासी राहुल कुमार उर्फ दशरथ कुमार के रूप में हुई है। पुलिस अब तीनों के आपराधिक इतिहास को भी खंगाल रही है, ताकि इनके अन्य मामलों की जानकारी जुटाई जा सके।
खबरें और भी
छापामारी दल में एएसपी के साथ ही संजय कुमार सिन्हा, सीआइ अरविंद कुमार, शैलेश कुमार शर्मा, एएसआइ बबीता कुमारी, डीआइयू टीम एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। एएसपी ने बताया कि जिले में अवैध शराब, हथियार और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
उन्होंने आम लोगों से भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। उल्लेखनीय है कि एक सप्ताह के भीतर यह अपराधियों के खिलाफ दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले भी संतोषी सिनेमा परिसर में जुआ खेलते 16 लोगों को गिरफ्तार किया गया था।