विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तीन महीने से बंद पड़ा बक्‍सर का ROB, अब रेलवे फाटक खोलने की तैयारी; इतने द‍िन करना होगा इंतजार

Published: Mon, 31 Aug 2026 08:46 AM (IST)

बक्सर में इटाढ़ी रोड रेलवे क्रासिंग को दोबारा खोलने की तैयारी शुरू हो गई है, जिसे 30 मई को बंद ...और पढ़ें

पिकअप से रबर पैड उतारते रेलकर्मी। जागरण

पिकअप से रबर पैड उतारते रेलकर्मी। जागरण

HighLights

  1. इटाढ़ी रोड रेलवे क्रासिंग दोबारा खोलने की तैयारी शुरू।

  2. क्षतिग्रस्त रोड ओवरब्रिज की मरम्मत में हो रही देरी।

  3. यात्रियों की परेशानी कम करने के लिए लिया गया निर्णय।

जागरण संवाददाता, बक्सर। दानापुर रेल मंडल अंतर्गत बक्सर और बरुणा रेलवे स्टेशनों के बीच इटाढ़ी रोड स्थित समपार फाटक संख्या-70 को दोबारा खोलने की तैयारी रेल प्रशासन ने शुरू कर दी है।

रविवार को फाटक स्थल पर रेलवे कर्मचारियों को काम करते देखा गया। ट्रैक और सड़क के बीच खाली स्थान में लगाने के लिए रबर पैड भी मौके पर लाया जा चुका है।

फाटक पर चल रही इन गतिविधियों से स्थानीय लोगों में इसके दोबारा खुलने की उम्मीद जगी है। इसे लेकर आसपास के लोगों में खुशी का माहौल है।

30 मई को बंद क‍िया गया था समपार फाटक 

गौरतलब है कि रेलवे प्रशासन ने ट्रैक को समपार रहित बनाने की कवायद के तहत बीते 30 मई को इस समपार को स्थायी रूप से बंद कर दिया था।

इसके विकल्प के तौर पर स्थानीय लोगों, राहगीरों और दोपहिया चालकों के लिए लाइट ओवरब्रिज तथा सामान्य यातायात के लिए रोड ओवरब्रिज (ROB) का निर्माण कराया गया था।

लाइट आरओबी करीब डेढ़ साल पहले ही यातायात के लिए खोल दिया गया था। मुख्य आरओबी का निर्माण पूरा होने के बाद समपार को बंद कर दिया गया।

हालांकि, परिचालन शुरू होने के एक सप्ताह के भीतर ही मुख्य आरओबी क्षतिग्रस्त हो गया। जांच में इसके कई हिस्सों में गड़बड़ियां पाए जाने के बाद इसे भी बंद कर दिया गया।

Itadhi 2

(समपार फाटक के पास हो रहा काम।)

आरओबी और गुमटी बंद होने से बढ़ी परेशानी 

नवनिर्मित आरओबी और समपार दोनों बंद होने से इटाढ़ी, धनसोईं, दिनारा और सिकरौल से जिला मुख्यालय के बीच आवागमन करने वाले लोगों और वाहनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

वाहनों को कई किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाकर पांडेयपट्टी की ओर बनी ग्रामीण और संकरी सड़क से गुजरना पड़ रहा है। इससे वहां जाम की समस्या भी उत्पन्न हो रही है।

स्थानीय लोगों की मांग है कि जब तक रोड ओवरब्रिज की मरम्मत पूरी कर उसे दोबारा यातायात के लिए नहीं खोला जाता, तब तक समपार फाटक को खोल दिया जाए।

आरओबी के जिस हिस्से में गड़बड़ियां मिली हैं, उसका निर्माण बिहार सरकार के पथ निर्माण विभाग के अधीन एजेंसी बिहार राज्य पुल निर्माण निगम ने कराया है।

निगम के इंजीनियरों ने पांच जून को पुल क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आने के बाद दावा किया था कि इसे 15 दिनों में ठीक कर लिया जाएगा।

हालांकि, करीब तीन महीने गुजरने के बाद भी निगम अपने हिस्से की मरम्मत पूरी नहीं कर सका है। काम की रफ्तार काफी धीमी है। अभियंता अब यह बताने से भी बच रहे हैं कि मरम्मत कब तक पूरी होगी और पुल को यातायात के लिए कब खोला जाएगा।

लग सकता है सात से 10 दिनों का समय

समपार फाटक को दोबारा खोलने के लिए आधिकारिक स्तर पर अभी कोई निर्णय सामने नहीं आया है, लेकिन मौके पर तैयारी शुरू हो गई है। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, इस दिशा में काम धीरे-धीरे शुरू किया जा रहा है।

फाटक को पूरी तरह चालू करने में सात से 10 दिन का समय लग सकता है। सिग्नल और गेट संचालन की व्यवस्था को फिर से कार्यशील करने में समय लगेगा।

इसके अलावा समपार के पास सड़क को भी दुरुस्त करना होगा। 24 घंटे गेटमैन की तैनाती के लिए कर्मचारियों की व्यवस्था भी करनी होगी।

कहते हैं मुख्य जनसंपर्क अधिकारी

बंद किए जा चुके समपार फाटक को दोबारा खोलने के लिए अभी तक औपचारिक रूप से कोई निर्णय नहीं लिया गया है। अगर रेलवे की ओर से ऐसा कोई निर्णय लिया जाता है तो इसकी जानकारी दी जाएगी।

सरस्वती चंद्र, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, पूर्व मध्य रेलवे

यह भी पढ़ें- बक्सर वालों के लिए राहत! बंद इटाढ़ी रेलवे गुमटी फिर खुलेगी, सांसद ने बताया कितना करना होगा इंतजार