बक्सर: मध्याह्न भोजन के लिए 1 किमी पैदल चलने को मजबूर मासूम, खाने की गुणवत्ता पर भी सवाल
बक्सर के धनसोई स्थित पीएमश्री प्लस टू गांधी स्मारक उच्च विद्यालय के छात्रों को मध्याह्न भोजन के लिए प्रतिदिन 1 किमी पैदल चलना पड़ता है, जिससे उन्हें भ ...और पढ़ें

खाने की गुणवत्ता पर सवाल
HighLights
मध्याह्न भोजन के लिए छात्रों को 1 किमी पैदल चलना पड़ता है।
भोजन की गुणवत्ता खराब, छात्रों को सिरदर्द-चक्कर की शिकायत।
अगले महीने से विद्यालय में ही भोजन की व्यवस्था होगी।
संवाद सहयोगी, धनसोई (बक्सर)। पीएमश्री प्लस टू गांधी स्मारक उच्च विद्यालय में कक्षा छह से आठ तक के छात्र-छात्राओं को मध्याह्न भोजन के लिए प्रतिदिन करीब एक किलोमीटर दूर मध्य विद्यालय धनसोईं जाना पड़ता है। भीषण गर्मी और वर्षा में बच्चों को काफी परेशानी हो रही है।
विद्यालय में कुल नामांकित छात्र-छात्राओं की संख्या करीब 1403 है। इनमें कक्षा छह से आठ तक के करीब 241 छात्र-छात्राएं शामिल हैं।
एमडीएम का प्रतिवेदन पीएमश्री विद्यालय से तैयार कर विभाग को भेजा जाता है, लेकिन भोजन की व्यवस्था मध्य विद्यालय में होने से बच्चों को रोज पैदल आना-जाना पड़ता है। मुख्य सड़क पर छोटे-बड़े वाहनों के लगातार परिचालन से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
भोजन की गुणवत्ता असंतोषजनक
कक्षा आठ की छात्राएं प्रियंका कुमारी, गौरी कुमारी, दुर्गा कुमारी, गायत्री कुमारी, अंबिका कुमारी, सलोनी कुमारी तथा छात्र राजेश कुमार सहित अन्य विद्यार्थियों ने बताया कि तेज धूप में मध्याह्न भोजन के लिए पैदल जाना पड़ता है। आने-जाने में सिरदर्द और चक्कर की समस्या होती है।
उन्होंने भोजन की गुणवत्ता असंतोषजनक बताई। दाल काफी पतली होती है, लौकी की सब्जी बिना ठीक से छीले बनाई जाती है और कई बार चावल अधपका रहता है। पूर्व में तीन दिनों तक मध्याह्न भोजन नहीं मिला था।
कठिनाई के बारे में कई बार विभाग को अवगत कराया
मध्य विद्यालय धनसोई के प्रभारी प्रधानाध्यापक कमलेश्वर कुमार ने बताया कि त्रैमासिक परीक्षा के दौरान एक दिन मध्याह्न भोजन बंद रखा गया था। उन्होंने छात्र-छात्राओं की आवागमन की कठिनाई के बारे में कई बार विभाग को अवगत कराया है।
खबरें और भी
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (मध्याह्न भोजन योजना) सुरेश प्रसाद ने कहा कि छात्र-छात्राओं की परेशानी को देखते हुए अगले महीने से पीएम श्री प्लस टू गांधी स्मारक उच्च विद्यालय में ही मध्याह्न भोजन की व्यवस्था कराई जाएगी।