विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फोन पर बेटे ने कहा- गंगा में कूदने जा रहा हूं; बक्सर में यूपी के श्‍याम पहुंचे, लेकिन किस्मत ने दिया धोखा

Published: Sat, 15 Aug 2026 02:19 PM (IST)

बक्सर में वीर कुंवर सिंह सेतु से एक 22 वर्षीय युवक ने अपने पिता के सामने गंगा में छलांग लगा ...और पढ़ें

बक्‍सर में वीर कुंवर स‍िंह सेतु पर लगी भीड़। जागरण

बक्‍सर में वीर कुंवर स‍िंह सेतु पर लगी भीड़। जागरण

HighLights

  1. बक्सर में 22 वर्षीय युवक ने गंगा में छलांग लगाई।

  2. पिता श्याम नारायण पासवान के सामने हुई यह घटना।

  3. पुलिस और एसडीआरएफ टीम युवक की तलाश में जुटी।

जागरण संवाददाता, बक्सर। नगर थाना क्षेत्र के वीर कुंवर सिंह सेतु पर शनिवार की दोपहर उस समय अफरातफरी मच गई, जब 22 वर्षीय युवक ने गंगा में छलांग लगा दी।

घटना से पहले युवक ने अपने पिता को फोन कर बताया था कि वह नदी में कूदने जा रहा है। पिता तत्काल उसे बचाने के लिए पुल की ओर दौड़े, लेकिन उनकी आंखों के सामने ही युवक ने गंगा में छलांग लगा दी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू कर दी। करीब दो घंटे तक तलाश के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका था।

युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के नरही थाना क्षेत्र के टुटुआरी गांव निवासी श्‍याम नारायण पासवान के बेटे श्रीकांत पासवान (22) के रूप में हुई है।

नाराज था युवक, फोन कर दी नदी में कूदने की बात

बताया गया कि श्रीकांत पासवान के पिता श्याम नारायण पासवान यूपी के भरौली में गंगा पुल के पास खाद-बीज की दुकान चलाते हैं। शनिवार को किसी बात को लेकर श्रीकांत अपने पिता से नाराज था।

इसी दौरान उसने पिता को फोन किया और कहा कि वह नदी में कूदने जा रहा है। बेटे की बात सुनकर श्याम नारायण के होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल दुकान बंद की और बाइक से वीर कुंवर सिंह सेतु की ओर निकल पड़े।

Buxar 1

100 मीटर की दूरी पर बंद हो गई बाइक

पिता बाइक तेजी से चलाते हुए पुल की ओर पहुंचे। जब वह पुल के पास पहुंचे तो उन्होंने देखा कि श्रीकांत रेलिंग की ओर बढ़ रहा है। उस समय पिता और पुत्र के बीच करीब 100 मीटर की दूरी थी।

इसी दौरान अचानक बाइक बंद हो गई। श्याम नारायण बाइक वहीं छोड़कर पैदल बेटे की ओर दौड़े। वह श्रीकांत के पास पहुंच पाते, इससे पहले ही युवक की नजर अपने पिता पर पड़ गई।

पिता की आंखों के सामने गंगा में लगा दी छलांग

पिता को अपनी ओर आते देख श्रीकांत ने गंगा में छलांग लगा दी। आंखों के सामने बेटे को नदी में कूदते देखकर श्याम नारायण सन्न रह गए। मौके पर मौजूद राहगीरों ने किसी तरह उन्हें संभाला और घटना की जानकारी गंगा पुल चौकी पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी रोहित कुमार पुलिस टीम और एसडीआरएफ के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद नदी में युवक की तलाश शुरू की गई।

दो घंटे बाद भी नहीं मिला कोई सुराग

चौकी प्रभारी रोहित कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ टीम के साथ पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। युवक की तलाश में नदी में अभियान चलाया जा रहा है।

घटना के करीब दो घंटे बाद भी श्रीकांत का कोई पता नहीं चल सका था। इस बीच उसके परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।