Bihar Politics : प्रशांत किशोर ने भाजपा को दिया झटका, डा. सुरेंद्र राय जन सुराज में शामिल
भाजपा के पूर्व नेता और दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से रनर-अप रहे डॉ. सुरेंद्र प्रसाद राय जन सुराज में शामिल ...और पढ़ें

बैठक में अभिवादन करते जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर। सौ. जनसुराज।
HighLights
डॉ. सुरेंद्र राय ने भाजपा छोड़ जन सुराज का दामन थामा।
प्रशांत किशोर ने दरभंगा में एमएलसी चुनाव रणनीति पर की चर्चा।
जन सुराज ने शिक्षक-स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मजबूत की पकड़।
जागरण संवाददाता, दरभंगा। विधान परिषद चुनाव की तैयारियों के बीच जन सुराज ने दरभंगा में अपनी सियासी सक्रियता बढ़ा दी है। मंगलवार को पार्टी के सूत्रधार एवं बांकीपुर विधायक प्रशांत किशोर की बैठक में भाजपा को बड़ा झटका लगा।
2020 के दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में रनर-अप रहे भाजपा नेता डा. सुरेंद्र प्रसाद राय ने जन सुराज का दामन थाम लिया। उनके शामिल होने से जन सुराज ने शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश तेज कर दी है।
एमएलसी चुनाव पर मंथन
प्रशांत किशोर ने एकमी घाट चौक स्थित एक होटल में दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर के पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इसमें आगामी दरभंगा शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव की तैयारियों पर चर्चा हुई। संभावित प्रत्याशियों के चयन से लेकर चुनाव अभियान की रणनीति तक पर विचार-विमर्श किया गया।
संगठन मजबूत करने पर जोर
बैठक में संगठन को और मजबूत करने तथा अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंच बनाने पर जोर दिया गया। कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारी में जुटने और प्रभावी रणनीति के साथ मैदान में उतरने को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए। पार्टी नेताओं ने क्षेत्र में संगठन के विस्तार और चुनावी गतिविधियों को तेज करने पर भी मंथन किया।
भाजपा में निभा चुके हैं अहम जिम्मेदारी
डा. सुरेंद्र प्रसाद राय बेगूसराय से भाजपा के प्रत्याशी भी रह चुके हैं। वर्ष 2020 में उन्होंने दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ा था और रनर-अप रहे थे। वह बिहार राज्य माध्यमिक शिक्षक संघ के उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं।
इसके अलावा भाजपा के शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक भी रह चुके हैं। ऐसे में उनके जन सुराज में शामिल होने को आगामी विधान परिषद चुनाव की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
ये नेता रहे मौजूद
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती, एनपी मंडल, सुभाष कुशवाहा, सरवर अली, जिलाध्यक्ष निर्मल मिश्रा, महामंत्री मुमताज अंसारी, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ अध्यक्ष शोएब अहमद खान, अमन चौधरी, सुरेंद्र मोहन यादव, शिव बोधन साहू, प्रतिभा झा और बिल्टू साहनी सहित कई नेता मौजूद रहे।
