दरभंगा में कोसी बांध से नीचे गिरी बोलेरो, सहरसा के दो लोगों की मौत; तीन लोग घायल
दरभंगा में कोसी बांध से नीचे गिरी बोलेरो, जिसमें सहरसा के पांच लोग मेला देखकर लौट रहे थे। इस दुर्घटना ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
संवाद सहयोगी, कुशेश्वरस्थान (दरभंगा)। मेला देखकर घर लौट रहे सहरसा के पांच लोगों की बोलेरो शुक्रवार को दरभंगा में हादसे का शिकार हो गई। नदी थाना क्षेत्र के गोबराही गांव के पास तेज गति के कारण चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया।
बोलेरो कोसी बांध से नीचे गड्ढे में पलट गई। दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई।
सहरसा के दो लोगों की मौत
मृतकों की पहचान सहरसा जिले के जलई थाना क्षेत्र के घोंघेपुर गांव निवासी मो. राजी के पुत्र मोहम्मद दिलदार (30) और मो. महफूज आलम के पुत्र मो. चांद के रूप में हुई है। वहीं, घायलों में मो. गुड्डू, मो. हसीब और मो. आसिफ शामिल हैं। तीनों का स्थानीय स्तर पर इलाज कराया जा रहा है।
लौटते समय हुआ हादसा
बताया गया कि बोलेरो में पांच लोग सवार थे। सभी मेला देखकर अपने घर लौट रहे थे। गोबराही गांव के निकट वाहन तेज गति में था। इसी दौरान चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और बोलेरो सड़क किनारे स्थित कोसी बांध से नीचे गड्ढे में जा पलटी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
पुलिस ने निकाली बोलेरो
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना नदी थाना पुलिस को दी। नदी थानाध्यक्ष सुशील कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को गड्ढे से बाहर निकलवाया। इसके बाद मो. दिलदार के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
एक शव का पोस्टमार्टम नहीं
दूसरे मृतक मो. चांद के स्वजन ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद वे शव को अपने साथ ले गए। हादसे की जानकारी मिलने के बाद मृतकों के स्वजन में मातम छा गया। पुलिस ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।