बिहार में दुष्कर्म के बाद बच्ची की हत्या, आक्रोशित भीड़ ने दुकान फूंकी; आरोपी गिरफ्तार
दरभंगा के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में एक मासूम बच्ची से दुष्कर्म कर हत्या कर दी गई। रविवार सुबह शव मिलने पर लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साई ...और पढ़ें

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, दरभंगा। दरभंगा के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में एक आठ वर्ष की बच्ची के साथ दुष्कर्म कर हत्या कर दी गई। देर रात उसका शव खून से लथपथ स्थिति में बरामद होने से सनसनी फैल गई। देर रात एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी के नेतृत्व में मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन के बाद आरोपित विकास कुमार महतो को गिरफ्तार कर लिया।
रविवार की सुबह आक्रोशित लोगों ने आरोपित की गुमटी में संचालित दुकान में आग लगा दी। पटवा पोखर के पास कादिराबाद-सुंदरपुर सड़क एवं बेला दुर्गा मंदिर के पास दिल्ली मोड़ जाने वाली मुख्य सड़क को जाम कर दिया।
आरोपित को जनता के हवाले करने की मांग
आक्रोशित लोग आरोपित को जनता के हवाले करने की मांग कर रहे थे। पुलिस ने समझाकर सड़क जाम हटाने की पहल कर दी। इस बीच उग्र लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। पुलिस लाठी चार्ज कर लोगों को भगाया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है। बच्ची का घर सुंदरपुर में था। वह पटवा पोखर मोहल्ले में अपने ननिहाल में रहती थी।
बताया जाता है कि शनिवार की शाम बच्ची पटवा पोखर के साथ अन्य बच्चियों के साथ खेल रही थी। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर स्वजन ने उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इस बीच इलाके में कुत्तों के जोर-जोर से भौंकने की आवाज सुनकर बच्ची के मामा पटवा पोखर के पास पहुंचे तो शैवाल में खून से लथपथ बच्ची को देखा।
सीसी कैमरे के फुटेज को खंगाला
इसकी सूचना विश्वविद्यालय थाना की पुलिस को दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने आसपास के सीसी कैमरे के फुटेज को खंगाला। साथ खेल रही अन्य बच्चियों ने फुटेज देखकर आरोपित विकास की पहचान की। बताया कि विकास ही बच्ची को लेकर अंधेरे की ओर गया था। मौके पर तनाव को देखते हुए विश्वविद्यालय मब्बी, नगर, सदर, कोतवाली आदि थाने की पुलिस दंगा नियंत्रण दास्तां के साथ मौके पर कैंप कर रही है।