विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दरभंगा में खाद संकट गहराया, किसान महंगे दामों पर खरीदने को मजबूर

Published: Sun, 30 Aug 2026 10:29 PM (IST)

दरभंगा जिले में रैक की कमी और कम आपूर्ति के कारण उर्वरक का गंभीर संकट है, जिससे किसानों को यूरिया ...और पढ़ें

37 प्रतिशत डीएपी और आठ प्रतिशत पोटाश पहुंचने से ग्रामीण क्षेत्रों में गंभीर संकट बना हुआ है। फाइल फोटो

37 प्रतिशत डीएपी और आठ प्रतिशत पोटाश पहुंचने से ग्रामीण क्षेत्रों में गंभीर संकट बना हुआ है। फाइल फोटो

जागरण संवाददाता, दरभंगा। जिले में मांग के मुकाबले कम आपूर्ति और रैक समय पर न लगने के कारण उर्वरक की भारी किल्लत हो गई है। इसके चलते किसानों को निर्धारित दर से अधिक कीमत चुकाकर खाद खरीदनी पड़ रही है।

कृषि विभाग की रिपोर्ट के अनुसार अप्रैल से जुलाई माह तक जिले में 14,643 मीट्रिक टन यूरिया की जरूरत के मुकाबले अब तक 12,879 मीट्रिक टन ही उपलब्ध कराया जा सका है।

डीएपी और पोटाश का संकट

जिले में डीएपी की 3,440 मीट्रिक टन मांग के विरुद्ध 1,377 मीट्रिक टन तथा पोटाश की 2,761 मीट्रिक टन मांग के विरुद्ध केवल 220 मीट्रिक टन आपूर्ति हुई है।

मिक्सचर खाद की बात करें तो 4,841 मीट्रिक टन आवश्यकता के मुकाबले 2,376 मीट्रिक टन ही उपलब्ध हो सका है। निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले केवल 37 प्रतिशत डीएपी और आठ प्रतिशत पोटाश पहुंचने से ग्रामीण क्षेत्रों में गंभीर संकट बना हुआ है।

किसानों पर आर्थिक मार

कम आवंटन और रैक प्वाइंट पर समय से रैक न पहुंचना आपूर्ति बाधित होने का मुख्य कारण माना जा रहा है। बेनीपुर, बिरौल, मनीगाछी और कुशेश्वरस्थान प्रखंडों की दुकानों पर किल्लत के बीच कालाबाजारी रोकने के लिए पहचान पत्र और भू अभिलेख से सत्यापन अनिवार्य किया गया है।

स्थानीय किसानों का कहना है कि खाद की कमी से फसलें पीली पड़ रही हैं और उन्हें 267 रुपये वाले यूरिया के लिए 330 से 400 रुपये तथा डीएपी के लिए 1700 से 1900 रुपये प्रति बोरा चुकाने पड़ रहे हैं।

प्रशासन की सख्त निगरानी

खाद की जमाखोरी और अवैध वसूली पर लगाम लगाने के लिए थोक और खुदरा दुकानों का औचक निरीक्षण किया जा रहा है। जिला कृषि पदाधिकारी डॉ. सिद्धार्थ ने बताया कि उर्वरक निगरानी समिति लगातार सक्रिय है और स्टॉक रजिस्टर में अंतर मिलने पर लाइसेंस रद करने जैसी कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने आश्वस्त किया कि थोक विक्रेताओं के पास यूरिया और मिक्सचर पर्याप्त मात्रा में मौजूद है।