Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दरभंगा से लापता युवती, मधुबनी में तय थी शादी, सड़क पर फूटा गुस्सा तो आवागमन ठप

    Updated: Tue, 16 Jun 2026 09:17 PM (IST)

    दरभंगा के जाले थाना क्षेत्र से चार दिनों से लापता युवती की बरामदगी न होने पर ग्रामीणों ने औराई-जाले मुख्य पथ जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस के त्वर ...और पढ़ें

    जाले थाना क्षेत्र के औराई जाले सड़क के बसंत जीरो माइल चौक पर टायर जलाकर सड़क जाम करते प्रदर्शन कारी। जागरण।

    जाले थाना क्षेत्र के औराई जाले सड़क के बसंत जीरो माइल चौक पर टायर जलाकर सड़क जाम करते प्रदर्शन कारी। जागरण।

    HighLights

    1. जाले से लापता युवती की बरामदगी न होने पर प्रदर्शन।

    2. ग्रामीणों ने औराई-जाले मुख्य पथ को किया जाम।

    3. पुलिस के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम खोला।

    संवाद सहयोगी, जाले (दरभंगा)। जाले थाना क्षेत्र से चार दिनों से लापता युवती की बरामदगी नहीं होने पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। सोमवार की देर शाम शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन मंगलवार की दोपहर तक जारी रहा।

    आक्रोशित ग्रामीणों ने औराई-जाले मुख्य पथ को जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों की मांग थी कि युवती को अविलंब बरामद कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए।

    बांस-बल्ला लगाकर किया सड़क जाम

    प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बांस-बल्ला लगाकर आवागमन पूरी तरह ठप कर दिया। बीच सड़क पर टायर जलाकर विरोध जताया गया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

    रातभर बना रहा तनाव

    सोमवार की देर रात सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों से वार्ता कर जाम हटाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने कार्रवाई के लिए कुछ समय मांगा, लेकिन प्रदर्शनकारी मानने को तैयार नहीं हुए। बढ़ते आक्रोश को देखते हुए पुलिस को वापस लौटना पड़ा। हालांकि देर रात लोग अपने घर चले गए, लेकिन मंगलवार सुबह फिर बड़ी संख्या में सड़क पर उतर आए।

    12 जून से लापता है युवती

    स्वजन के अनुसार, 12 जून को युवती स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की बैठक में भाग लेने गई थी। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। परिजनों का आरोप है कि आवेदन देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

    धमकी मिलने का भी आरोप

    पीड़िता के स्वजन ने बताया कि युवती की शादी मधुबनी जिले के मधवापुर थाना क्षेत्र में तय हुई थी। आरोप है कि कुछ लोगों ने इस रिश्ते का विरोध करते हुए पहले ही होने वाले रिश्तेदार और परिवार को धमकी दी थी। यहां तक कि युवती को उठा लेने की बात भी कही गई थी। इसकी जानकारी पुलिस को दी गई थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

    खबरें और भी

    आश्वासन के बाद खत्म हुआ जाम

    मंगलवार दोपहर करीब दो बजे पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई और युवती की जल्द बरामदगी का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम समाप्त कर दिया। थानाध्यक्ष संदीप कुमार पाल ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही युवती को बरामद कर लिया जाएगा।