Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पंजाब से बिहार तक शराब तस्करी का बड़ा नेटवर्क, जैविक खाद की आड़ में विदेशी शराब का खेल

    Updated: Wed, 05 Aug 2026 05:08 PM (IST)

    कुशेश्वरस्थान पुलिस ने आसो चौर से पंजाब नंबर के ट्रक से 3,492 लीटर विदेशी शराब जब्त की है। तस्कर जैविक खाद की आड़ में गुप्त तहखाने में शराब छिपाकर ले ...और पढ़ें

    जब्त शराब की कार्टून व् जैविक खाद । सौजन्य-पुलिस कर्मी।

    जब्त शराब की कार्टून व् जैविक खाद । सौजन्य-पुलिस कर्मी।

    संवाद सहयोगी, कुशेश्वरस्थान (दरभंगा)। कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के आसो चौर में पुलिस ने मंगलवार की देर रात पंजाब नंबर की 18 चक्का ट्रक से 3,492.098 लीटर विदेशी शराब की खेप बरामद की।

    तस्कर जैविक खाद की बोरी के आड़ में ट्रक के भीतर बनाए गए गुप्त तहखाने में विदेशी शराब छिपाकर ले जा रहे थे। हालांकि पुलिस की भनक लगते ही चालक और तस्कर अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए।

    पुलिस को सूचना मिली थी कि आसो चौर में विदेशी शराब की बड़ी खेप उतारने की तैयारी चल रही है। सूचना सत्यापन के बाद थानाध्यक्ष गौरव प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी कर ट्रक को घेर लिया।

    मौके से पीबी-13 बीए-7995 नंबर की ट्रक, बीआर-33एआर-4711 नंबर की सीडी डीलक्स बाइक एवं एक मोबाइल फोन जब्त किया गया। ट्रक की तलाशी के दौरान ऊपर जैविक खाद की बोरी रखे मिले।

    जबकि नीचे बने विशेष तहखाने में शराब छिपाकर रखी गई थी। रात में ही ट्रक को थाना लाया गया। बुधवार की सुबह ग्राइंडर से तहखाना काटने पर 385 कार्टन में विभिन्न ब्रांड की 780 एमएल, 375 एमएल और 180 एमएल की कुल 12,356 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई।

    बरामद शराब की कुल मात्रा 3,492.098 लीटर आंकी गई है। जब्त शराब, जैविक खाद के बोरे तथा अन्य सामान को निर्माणाधीन नए थाना भवन में सुरक्षित रखा गया है। छापेमारी दल में एएसआइ मंटू पासवान, रुपेंद्र सिंह, रोशन रंजन सहित कई पुलिसकर्मी शामिल थे।

    थानाध्यक्ष गौरव प्रसाद ने बताया कि मामले में उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। ट्रक और बाइक के निबंधन नंबर के आधार पर तस्करी में संलिप्त लोगों की पहचान की जा रही है।

    वहीं जब्त मोबाइल फोन के काल डिटेल रिकार्ड (सीडीआर) की जांच कर पूरे तस्करी नेटवर्क का पता लगाया जाएगा। पुलिस फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।