दरभंगा में 23 अक्टूबर को लगेगा जॉब कैंप, शिक्षक सहित विभिन्न पदों पर मिलेगा रोजगार
दरभंगा में 23 अक्टूबर को एक जॉब कैंप आयोजित होगा, जिसमें शिक्षक सहित 50 पदों पर भर्ती की जाएगी। स्नातक ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
23 अक्टूबर को दरभंगा में जॉब कैंप का आयोजन।
शिक्षक सहित कुल 50 पदों पर होगी सीधी भर्ती।
स्नातक उत्तीर्ण 18-45 वर्ष के अभ्यर्थी कर सकते हैं आवेदन।
जागरण संवाददाता, दरभंगा। नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। अगर आप स्नातक हैं और अंग्रेजी की समझ रखते हैं, तो आपके पास रोजगार पाने का अवसर है।
दरभंगा में 23 अक्टूबर को आयोजित होने वाले जॉब कैंप में शिक्षक समेत विभिन्न पदों पर नियुक्ति के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया जाएगा।
खास बात यह है कि चयनित अभ्यर्थियों को 14,500 रुपये मासिक वेतन के साथ अन्य भत्ते भी मिलेंगे। इच्छुक अभ्यर्थी जरूरी दस्तावेजों के साथ कैंप में पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं।
50 पदों पर होगा चयन
बिहार सरकार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में विश्वविद्यालय नियोजन, सूचना एवं मार्गदर्शन केंद्र के माध्यम से इस जॉब कैंप का आयोजन किया जा रहा है।
फ्रीडम एम्प्लायबिलिटी एकेडमी की ओर से आयोजित इस कैंप में कुल 50 पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। नियुक्ति निजी संस्थानों में शिक्षक के रूप में की जाएगी। इसके अतिरिक्त अन्य पदों पर भी रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।
18 से 45 वर्ष के अभ्यर्थियों को मौका
जॉब कैंप में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों का स्नातक उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। इसके साथ ही अंग्रेजी का ज्ञान होना भी जरूरी है। 18 से 45 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थी इसमें भाग ले सकते हैं।
चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिमाह 14,500 रुपये वेतन के साथ अन्य भत्ते दिए जाएंगे। ऐसे में नौकरी की तलाश कर रहे योग्य युवाओं के लिए यह अवसर उपयोगी साबित हो सकता है।
सुबह 11 से शाम चार बजे तक साक्षात्कार
जॉब कैंप 23 अक्टूबर को आइटीआइ, रामनगर के निकट संयुक्त श्रम भवन स्थित कार्यालय परिसर में आयोजित होगा। अभ्यर्थियों के साक्षात्कार की प्रक्रिया सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक चलेगी। इसमें भाग लेने के लिए इच्छुक उम्मीदवारों को अपना बायोडाटा और सभी शैक्षणिक प्रमाणपत्रों की छायाप्रति साथ लानी होगी।
कैंप में नहीं लगेगा कोई शुल्क
इस जॉब कैंप में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का शुल्क नहीं देना होगा। इच्छुक युवा निर्धारित तिथि और समय पर पहुंचकर चयन प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं। आवेदन से पहले अपनी शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा की पात्रता सुनिश्चित करना जरूरी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।