दरभंगा के रैयाम में 28 लाख से बनेगा ग्रामीण हाट, किसानों और ग्रामीणों को शहर जाने से राहत
Rural Market Infrastructure Bihar: केवटी प्रखंड के रैयाम में 28 लाख रुपये से अधिक की लागत से नए ग्रामीण हाट ...और पढ़ें

कार्यक्रम पदाधिकारी विनोद कुमार और स्थानीय मुखिया इफ्तेखार अहमद उर्फ छोटन ने संयुक्त रूप से निर्माण कार्य की नींव रखी। फोटो: जागरण
HighLights
रैयाम में 28 लाख से अधिक का ग्रामीण हाट।
किसानों, कारोबारियों को शहर जाने से मिलेगी राहत।
स्थानीय कृषि उपज, हस्तशिल्प को मिलेगा बाजार।
संवाद सहयोगी, केवटी (दरभंगा)। Gramin Haat Raiyam Darbhanga: केवटी प्रखंड अंतर्गत रजौड़ा पंचायत के रैयाम में नए ग्रामीण हाट के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया।
कार्यक्रम पदाधिकारी विनोद कुमार और स्थानीय मुखिया इफ्तेखार अहमद उर्फ छोटन ने संयुक्त रूप से निर्माण कार्य की नींव रखी।
इस नए बाजार के बन जाने से स्थानीय ग्रामीणों, किसानों और छोटे कारोबारियों को अपनी रोजमर्रा की जरूरतों के लिए दूर शहर जाने से मुक्ति मिलेगी।
योजना और तय लागत
इस आधुनिक ग्रामीण हाट का निर्माण 'विकसित भारत जी - रामजी योजना' के अंतर्गत 28 लाख 45 हजार 369 रुपये की लागत से कराया जा रहा है।
योजना के तहत परिसर में दुकानदारों और खरीदारों के लिए शेड, चबूतरा और अन्य जरूरी बुनियादी नागरिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
इसके पूर्ण होने से स्थानीय विक्रेताओं को खुले आसमान के नीचे या सड़क किनारे दुकान लगाने की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी।
समय सीमा में निर्माण
कार्यक्रम पदाधिकारी ने संबंधित कार्य एजेंसी और कर्मियों को निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का स्पष्ट निर्देश दिया।
हाट तैयार होने के बाद आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को दैनिक उपभोग की वस्तुओं की खरीद और बिक्री के लिए एक व्यवस्थित व सुविधाजनक मंच मिल सकेगा।
इससे स्थानीय स्तर पर उत्पादित कृषि उपज, मौसमी सब्जियों और हस्तशिल्प उत्पादों की बिक्री के लिए एक संगठित बाजार उपलब्ध होगा।
मुखिया ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस हाट के निर्माण से छोटे दुकानदारों, सब्जी उत्पादकों और आम उपभोक्ताओं को सीधा लाभ पहुंचेगा।
गांव में ही संगठित बाजार मिलने से ग्रामीणों के समय व परिवहन खर्च में बचत होगी और क्षेत्र की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
शिलान्यास के मौके पर तकनीकी सहायक हेमंत कुमार झा, पंचायत रोजगार सेवक संजीत कुमार महतो समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि व ग्रामीण मौजूद रहे।
