आखिर कहां गायब हो गई चार माह पहले प्रेम विवाह वाली दुल्हन? दरभंगा में खोजी कुत्ते से तलाश
दरभंगा में प्रेम विवाह के चार महीने बाद एक युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या या बेचने का ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्म तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
प्रेम विवाह के चार माह बाद युवती लापता।
दहेज के लिए हत्या या बेचने का आरोप।
पुलिस, एफएसएल, डॉग स्क्वायड की जांच जारी।
सहयोगी, कमतौल (दरभंगा) । प्रेम में घर परिवार को छोड़कर प्रेमी के साथ जीने-मरने की कसमें खानी वाली एक युवती की शादी के महज चार महीने बाद ही संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई है।
युवती के मायके पक्ष ने अनहोनी की आशंका जताते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कहा है कि दहेज के लिए लिए उनकी पुत्री की हत्या कर दी गई है अथवा बेच दिया है।
जानकारी के अनुसार कमतौल थानाक्षेत्र के अहियारी चनुआ टोला की रंजना कुमारी ने परिवार की मर्जी के खिलाफ अपने प्रेमी अहियारी गोट निवासी राजन कुमार से विवाह की और उसके साथ ससुराल में रह रही थी।
शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य बताया जा रहा था, लेकिन हाल के दिनों में दहेज मांगने की बातें भी सामने आ रही हैं। इसी बीच अचानक युवती के गायब हो जाने से मामला और संदिग्ध हो गया है।
रंजना के पिता का आरोप है कि उन्हें पुत्री से संपर्क नहीं हो पा रहा है और ससुराल पक्ष भी स्पष्ट जानकारी देने से बच रहा है। 16 अप्रैल 2026 की दोपहर में फोन पर सिर्फ लापता हो जाने की बात कही ।
इससे पहले पुत्री फोन पर बताई थी कि ससुराल वाले दहेज में चार लाख रुपये और तीन भर सोने की आभूषण मांग रहे हैं, इसे लेकर लगातार मारपीट कर रहे हैं। इन आरोपों के साथ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
उधर, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और युवती की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। सोमवार को एफएसएल (फारेंसिक साइंस लैब) टीम ने मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से पूरे मामले की जांच की।
इस दौरान कई साक्ष्य को जुटाने के साथ आवश्यक नमूने को सुरक्षित किए। अपर थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने डॉग स्क्वायड टीम के साथ, घटनास्थल पहुंचे। इसके बाद खोजी कुत्ते के सहारे आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया।
टीम ने बगीचों, खाली स्थानों में खोजी कुत्ते को दौड़ाया। लेकिन, कोई सुराग नहीं मिला। एसडीपीओ सदर टू शुभेंद्र कुमार सुमन ने बताया कि तकनीकी और वैज्ञानिक आधार पर जांच की जा रही है।
जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा। उधर, युवती के मायके वालों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।