Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दरभंगा में दूल्हा बनाने की साजिश, मंदबुद्धि युवक का अपहरण कर जबरन पढ़वा दिया निकाह

    Updated: Sun, 26 Jul 2026 08:39 PM (IST)

    दरभंगा के जाले थाना क्षेत्र में एक मंदबुद्धि युवक एजाज का अपहरण कर जबरन निकाह कराने का मामला सामने आया है। परिजनों ने संपत्ति हड़पने की मंशा से यह शाद ...और पढ़ें

    इसमें दूल्हा दुल्हन की प्रतीकात्मक तस्वीर (एआई जनरेटेड)

    इसमें दूल्हा दुल्हन की प्रतीकात्मक तस्वीर (एआई जनरेटेड)

    HighLights

    1. मंदबुद्धि युवक एजाज का अपहरण कर जबरन निकाह।

    2. परिजनों ने संपत्ति हड़पने की मंशा का आरोप लगाया।

    3. पुलिस वायरल वीडियो की फोरेंसिक जांच करेगी।

    संवाद सहयोगी, जाले (दरभंगा)। किराना का सामान लेने घर से निकला 21 वर्षीय युवक जब कई दिनों तक वापस नहीं लौटा तो स्वजन की चिंता बढ़ गई। तलाश शुरू हुई तो सामने आई ऐसी कहानी जिसने पूरे इलाके को हैरान कर दिया।

    स्वजन का आरोप है कि मंदबुद्धि युवक का अपहरण कर एक तलाकशुदा युवती से जबरन निकाह करा दिया गया। मामला अब पुलिस जांच के दायरे में है और एक वायरल वीडियो भी जांच का अहम हिस्सा बन गया है।

    जाले थाना क्षेत्र के नरौछधाम वार्ड-11 निवासी 21 वर्षीय एजाज के अपहरण और जबरन निकाह कराने का मामला सामने आया है। युवक के बड़े भाई मोहम्मद सितारे बाबू ने थाने में आवेदन देकर सात नामजद समेत अन्य लोगों पर शादी की नीयत से अपहरण करने का आरोप लगाया है।

    पहले बनाया था शादी का दबाव

    आवेदन के अनुसार, 18 जुलाई को एजाज किराना सामान लेने घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बावजूद उसका पता नहीं चला।

    स्वजन का आरोप है कि कुछ दिन पहले आरोपितों ने एक युवती से उसकी शादी कराने का दबाव बनाया था। परिवार के इन्कार करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई थी।

    संपत्ति पर नजर होने का आरोप

    परिवार का कहना है कि एजाज मानसिक रूप से कमजोर है और स्वयं निर्णय लेने की स्थिति में नहीं है। आरोप है कि उसे बहला-फुसलाकर ले जाया गया और कमतौल के पास उसी रात एक तलाकशुदा युवती से जबरन निकाह करा दिया गया। स्वजन और ग्रामीणों का दावा है कि इसके पीछे युवक की संपत्ति हड़पने की मंशा है।

    स्वजन ने लगाए गंभीर आरोप

    युवक के पिता इमलक अहमद और मां अफसाना खातून ने भी अपहरण कर जबरन निकाह कराने का आरोप लगाया है। मामले में मो. नेयाज, शौकत, मौलाना मोइद्दीन, शकील अहमद, मो. अलाउद्दीन, दिलशाद समेत अन्य लोगों को आरोपित बनाया गया है।

    खबरें और भी

    वीडियो की होगी फोरेंसिक जांच

    थानाध्यक्ष संदीप कुमार पाल ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है और सभी आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है। मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसकी फोरेंसिक जांच कराई जाएगी। निकाह के गवाहों, मौलाना और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ होगी। साथ ही युवक की मानसिक स्थिति की भी चिकित्सकीय जांच कराई जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।