दरभंगा में ASI पर किसने चलाई गोली? झाड़ियों से आई थी आवाज, जांच में जुटी पुलिस
दरभंगा में गश्ती पर निकले सहायक दारोगा रणधीर कुमार को झाड़ियों की ओर से आई गोली लग गई, जिससे वे ...और पढ़ें
-1793947559604_m.webp)
गोली लगने के बाद घायल एएसआइ रणधीर कुमार। सौ. पुलिस।
HighLights
सहायक दारोगा रणधीर कुमार को गश्ती के दौरान गोली लगी।
गोली उनके घुटने के नीचे लगी, फिलहाल खतरे से बाहर।
एसएसपी ने घटनास्थल का दौरा कर जांच के आदेश दिए।
संवाद सहयोगी, तारडीह (दरभंगा)। बिहार के दरभंगा में गश्ती पर निकली पुलिस टीम के लिए गुरुवार की दोपहर अचानक जानलेवा साबित हुई। सड़क किनारे रुके सहायक दारोगा (एएसआइ) रणधीर कुमार को गाछी और झाड़ियों की ओर से आई गोली लग गई। गोली उनके घुटने के नीचे लगी और वह मौके पर ही गिर पड़े।
अचानक हुई इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घायल एएसआइ को पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डीएमसीएच रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
गाछी और झाड़ियों से चली गोली
घटना गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे उजान स्थित छिन्नमस्तिका मंदिर के समीप अमताही सड़क की है। सकतपुर थाना में तैनात एएसआइ रणधीर कुमार पुलिस बल के साथ गश्ती कर रहे थे। बताया जाता है कि इसी दौरान वे सड़क किनारे रुके थे। सड़क किनारे पेशाब करने की बात भी सामने आई है। इसी बीच गाछी और झाड़ियों की ओर से अचानक गोली चली, जो उनके घुटने के नीचे लगी। गोली लगते ही वे जमीन पर गिर पड़े।
एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर की जांच
घटना की सूचना मिलने पर एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने गश्ती दल में शामिल पुलिसकर्मियों से पूछताछ की और घटनास्थल का जायजा लिया। एसएसपी ने बताया कि घायल एएसआइ खतरे से बाहर हैं। गोली किसने और किस उद्देश्य से चलाई, इसका पता लगाया जा रहा है। सभी संभावित पहलुओं की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है।
तीन माह पहले थाने में दिया था योगदान
घायल एएसआइ रणधीर कुमार (36) पटना जिले के नौबतपुर थाना क्षेत्र के कोरला गांव के निवासी हैं। उन्होंने करीब तीन माह पहले ही सकतपुर थाना में योगदान दिया था।
एक माह पहले पकड़ी थी शराब की बड़ी खेप
करीब एक माह पहले इसी घटनास्थल के पास रणधीर कुमार ने सकतपुर थाना पुलिस के सहयोग से डाक पार्सल वाहन से शराब की बड़ी खेप बरामद की थी। पुलिस इस पुरानी घटना समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर छानबीन कर रही है। हालांकि, शराब बरामदगी और एएसआइ को गोली मारे जाने की घटना के बीच किसी संबंध की फिलहाल पुष्टि नहीं हुई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।