पिकअप वैन ने बाइक को रौंदा, दरभंगा में मां की आंखों के सामने बेटे की मौत
दरभंगा में समस्तीपुर से लौट रहे मां-बेटे की बाइक को तेज रफ्तार पिकअप वैन ने रौंद दिया। हादसे में बेटे ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
दरभंगा में पिकअप वैन ने मां-बेटे की बाइक को रौंदा।
हादसे में 32 वर्षीय बेटे बैजु कुमार ठाकुर की मौत।
मां गंभीर रूप से घायल, डीएमसीएच में इलाज जारी।
संवाद सहयोगी, दरभंगा। समस्तीपुर से घर लौट रहे मां-बेटे के लिए शुक्रवार का सफर जिंदगी का आखिरी सफर बन गया। बिशनपुर थाना क्षेत्र में निजी पब्लिक स्कूल के पास तेज रफ्तार पिकअप वैन ने उनकी बाइक को रौंद दिया।
हादसे में बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसकी मां भी बुरी तरह जख्मी हो गईं। इलाज के दौरान बेटे की मौत हो गई। मां की हालत नाजुक बनी हुई है।
घर लौटते समय हादसा
फेकला थाना क्षेत्र के प्रेमजीवड़ गांव निवासी सत्तो ठाकुर के 32 वर्षीय पुत्र बैजु कुमार ठाकुर अपनी मां के साथ किसी काम से समस्तीपुर गए थे। शुक्रवार को दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे दरभंगा-समस्तीपुर मुख्य मार्ग पर विशनपुर स्थित निजी पब्लिक स्कूल के पास पहुंचे, तेज रफ्तार पिकअप वैन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद फरार हुआ चालक
टक्कर इतनी जोरदार थी कि मां-बेटा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पिकअप वैन चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
डायल-112 ने पहुंचाया अस्पताल
सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों घायलों को गंभीर हालत में डीएमसीएच पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने बैजु कुमार ठाकुर को बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मां का इलाज जारी है और उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
परिवार में मचा कोहराम
बैजु की मौत की खबर मिलते ही स्वजन में कोहराम मच गया। घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस बेटे के साथ मां घर लौट रही थीं, उसी बेटे की मौत की खबर ने परिवार को झकझोर दिया।
सीसी कैमरों से चालक की तलाश
बेंता थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। दुर्घटना के बाद फरार पिकअप वैन और उसके चालक की पहचान के लिए पुलिस आसपास लगे सीसी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पुलिस को उम्मीद है कि फुटेज से वाहन और चालक का सुराग मिल सकता है।
