दरभंगा में महिलाओं के विवाद में खूनी खेल, 2 भाइयों को चाकू से गोदा, 1 की मौत
दरभंगा के बहादुरपुर थाना क्षेत्र में आपसी विवाद के चलते दो भाइयों को चाकू से गोद दिया गया, जिसमें दीपू सहनी की मौत हो गई और दिलीप सहनी गंभीर रूप से घायल हैं।

प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर। (जागरण)
HighLights
दरभंगा में आपसी विवाद में दो भाइयों को चाकू मारा गया।
हमले में दीपू सहनी की मौत, दिलीप सहनी गंभीर रूप से घायल।
पुलिस ने आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू की, सभी फरार।
जागरण संवाददाता, दरभंगा। दरभंगा जिले के बहादुरपुर थानाक्षेत्र के खाजासराय मध्य विद्यालय स्थित मोहल्ले में शनिवार की देर रात आपसी विवाद में दो भाइयों को चाकू से गोद दिया गया।
हमले में गंभीर रूप से घायल दिलीप सहनी और उसके छोटे भाई दीपू सहनी को स्थानीय लोगों की मदद से खून से लथपथ हालत में डीएमसीएच में भर्ती कराया गया। इनमें दीपू की मौत हो गई।
बताया जाता है कि हालत अत्यंत गंभीर होने पर उसे बेहोशी की अवस्था में पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। लेकिन उसे एंबुलेंस से ले जाया जाता उससे पहले ही उसने दम तोड़ दिया।
घायल दिलीप की पत्नी सुनीता देवी ने बताया कि महिलाओं के बीच हुए किसी विवाद को लेकर पड़ोसी करण और किशन आक्रोशित हो गए।
आरोप है कि वे कहने लगे कि उनकी मां के खिलाफ कोई एक शब्द भी नहीं बोल सकता। देखते ही देखते एक युवक ने टेंगारी और दूसरे ने डाइगर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
लोगों में आक्रोश
इसके बाद कन्हैया, रोहित और दिलीप कुमार समेत अन्य भी मारपीट में शामिल हो गए। सुनीता देवी के अनुसार, उनके देवर दीपू सहनी पर चार-पांच बार धारदार हथियार से हमला किया गया।
उसके गर्दन और कमर पर गहरे जख्म हो गए। अधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मोहल्ले में आक्रोश का माहौल है।
सूचना मिलते ही बहादुरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपितों के घरों पर भी छापेमारी की, लेकिन सभी आरोपित युवक घर से फरार मिले। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
