दरभंगा में चमत्कार दिखाकर जीता भरोसा, पूजा के बहाने समेट ले गए लाखों के गहने
दरभंगा में तीन शातिर ठगों ने तांत्रिक बनकर एक परिवार को 'काला साया' का डर दिखाकर 10 लाख से अधिक के आभूषण ठग लिए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपि ...और पढ़ें
-1785503965807_m.webp)
सीसी कैमरे में कैद ठगों की तस्वीर व घटना के बाद बैठे ग्रामीण।
HighLights
तीन ठगों ने तांत्रिक बनकर परिवार को ठगा।
'काला साया' का डर दिखाकर विश्वास जीता।
पूजा के बहाने 10 लाख के गहने ले उड़े।
संवाद सहयोगी, तारडीह (दरभंगा)। घर में काला साया और तांत्रिक प्रकोप का डर दिखाकर तीन शातिर ठगों ने ऐसा मायाजाल बुना कि पूरा परिवार उनके झांसे में आ गया। पानी में रहस्यमयी धुआं निकालकर विश्वास जीतने के बाद ठगों ने पूजा के बहाने दस लाख रुपये से अधिक के आभूषण समेटे और पलभर में फरार हो गए। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी तलाश में जुटी है ।
तांत्रिक बनकर घर में बनाई पैठ
सकतपुर थाना क्षेत्र के राजाखरवार पंचायत के भेलवा टोला में शुक्रवार को तीन शातिर ठगों ने तांत्रिक बनकर एक महिला से दस लाख रुपये से अधिक मूल्य के आभूषण ठग लिए। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
'काला साया' का डर दिखाकर जीता भरोसा
पीड़िता रूपन महतो की पत्नी शोभा देवी ने बताया कि सबसे पहले एक व्यक्ति कारू बाबा स्थान पर यज्ञ होने की बात कहकर उनके घर पहुंचा। कुछ ही देर में उसके दो साथी भी वहां आ गए। बातचीत के दौरान ठग ने परिवार पर काला साया और बड़े संकट का भय दिखाया।
उसने पानी और अक्षत मंगवाया तथा कुछ बूंदें परिवार के लोगों पर छिड़क दीं। शेष पानी को एक कटोरे में रखकर उसमें कोई पदार्थ मिलाया, जिससे धुआं निकलने लगा। यह देखकर परिवार पूरी तरह उसके झांसे में आ गया।
पूजा के बहाने जेवर समेटे
ठग ने दावा किया कि विशेष पूजा से संकट टल जाएगा। उसने घर के सभी आभूषण एक कपड़े में बंधवाकर शोभा देवी की सास के हाथ में पकड़ा दिए। इसके बाद परिवार के लोगों को घर के पीछे स्थित बगीचे में जाकर अगरबत्ती जलाने का निर्देश दिया। सभी के वहां जाने का फायदा उठाकर ठग आभूषणों की पोटली लेकर फरार हो गए।
खबरें और भी
लौटे तो उड़ चुके थे ठग
जब परिवार के लोग वापस लौटे तो देखा कि न तो ठग मौजूद थे और न ही आभूषणों की पोटली। इसके बाद घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पीड़ित परिवार के अनुसार ठगे गए आभूषणों की कीमत दस लाख रुपये से अधिक है।
सीसीटीवी में कैद हुए तीनों आरोपी
सूचना पर पहुंची डायल-112 पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में तीनों आरोपी एक सफेद अपाचे बाइक से भागते हुए दिखाई दिए हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि तंत्र-मंत्र, झाड़-फूंक या चमत्कार के नाम पर घर में आने वाले अजनबियों से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।