दरभंगा में कमतौल और कुशेश्वरस्थान का सफर होगा महंगा, देना पड़ेगा टोल टैक्स
बिहार सरकार दरभंगा में मब्बी से कमतौल और दोना से कुशेश्वरस्थान जाने वाली दो सड़कों पर टोल टैक्स लगाने की तैयारी कर रही है। शहरी सीमाएं टोल से मुक्त रह ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
दरभंगा की दो प्रमुख सड़कों पर लगेगा टोल टैक्स।
शहरी सीमा और 60 किमी के भीतर टोल प्लाजा नहीं।
टोल दरें वाहन के प्रकार और सड़क चौड़ाई पर आधारित।
जागरण संवाददाता, दरभंगा। बिहार सरकार ने राज्य के स्टेट हाईवे और प्रमुख पुलों के रखरखाव के लिए 'बिहार सड़क उपयोगकर्ता शुल्क नियमावली' के तहत अब दरभंगा जिले में दो सड़कों से यात्रा करने वालों से टोल टैक्स लेने की तैयारी की है। इनमें एक सड़क मब्बी से कमतौल और दूसरी दोना से कुशेश्वरस्थान जाने वाली सड़क हो सकती है।
शहरी सीमा की सड़कें रहेंगी टोल से मुक्त
हालांकि, दरभंगा नगर निगम क्षेत्र या शहरी सीमा के भीतर आने वाले स्टेट हाईवे और मेजर डिस्ट्रिक्ट रोड को टोल टैक्स से पूरी तरह मुक्त रखा गया है।
सड़क की चौड़ाई और ट्रैफिक के आधार पर होगा चयन
नए नियमों के मुताबिक, टोल का निर्धारण सड़क की चौड़ाई और वाहनों की आवाजाही के आधार पर किया जाएगा। जिन महत्वपूर्ण मार्गों पर भारी आवाजाही होती है, उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी।
वाहनों के अनुसार तय होंगी टोल की दरें
नई व्यवस्था के तहत कार, जीप, छोटे व्यावसायिक वाहन, बस, ट्रक और मल्टी-एक्सल वाहनों के लिए अलग-अलग टोल टैक्स की दरें निर्धारित की गई हैं। हल्के वाहनों के लिए 1.25 रुपये प्रति किलोमीटर, जबकि बड़े ट्रकों और भारी वाहनों के लिए 6.65 से 8.10 रुपये प्रति किलोमीटर तक टोल टैक्स तय किया गया है।
किन सड़कों पर लगेगा टोल, फैसला अभी बाकी
फिलहाल किन स्टेट हाईवे और पुलों पर टोल वसूला जाएगा, इसका अंतिम फैसला अभी नहीं हुआ है। सरकार पहले संबंधित सड़कों पर वाहनों की आवाजाही की रिपोर्ट तैयार कराएगी। इसी रिपोर्ट के आधार पर तय किया जाएगा कि किन मार्गों पर टोल प्लाजा स्थापित किए जाएंगे।
खबरें और भी
भविष्य के एक्सप्रेसवे भी होंगे शामिल
सरकार की योजना के अनुसार भविष्य में बनने वाले एक्सप्रेसवे को भी इस टोल व्यवस्था में शामिल किए जाने की संभावना है।
डिजिटल माध्यम से होगी टोल वसूली
नई व्यवस्था के तहत टोल वसूली पूरी तरह आधुनिक और डिजिटल होगी। टोल संग्रह डिजिटल माध्यम से किया जाएगा।
स्थानीय लोगों को मिलेगी रियायत
जो लोग टोल प्लाजा के आसपास रहते हैं या रोज़गार के सिलसिले में प्रतिदिन उसी मार्ग से गुजरते हैं, उनके लिए रियायती शुल्क और मासिक पास की व्यवस्था की जाएगी।
60 किलोमीटर से पहले नहीं बनेगा नया टोल प्लाजा
नई नीति के अनुसार 60 किलोमीटर की दूरी से पहले कोई नया टोल प्लाजा स्थापित नहीं किया जाएगा।
नई टोल नीति तैयार, लागू होने की तारीख तय नहीं
पथ निर्माण विभाग ने नई टोल नीति तैयार कर ली है। हालांकि, नई व्यवस्था कब से लागू होगी, इसकी तारीख अभी तय नहीं की गई है।
सड़क चौड़ीकरण और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू
बताया जा रहा है कि दरभंगा में सड़क चौड़ीकरण के साथ-साथ अतिक्रमण हटाने का कार्य भी एनएचआई की ओर से शुरू कर दिया गया है। अतिक्रमण हटाने को लेकर सभी अतिक्रमणकारियों को नोटिस भेजा जा चुका है।
टोल व्यवस्था को लेकर विभाग की तैयारी
सड़क चौड़ीकरण के साथ विभाग की ओर से संबंधित मार्गों पर टोल टैक्स लगाने की भी बात कही जा रही है। एनएचआई सड़क किनारे अब तक अतिक्रमण नहीं हटने पर जिला प्रशासन कार्रवाई कर रहा है।
दर्जनों प्रतिष्ठानों पर लगाया गया रेड क्रॉस निशान
एनएचआई सड़क किनारे मब्बी-कमतौल सड़क, एवर ग्रीन होटल, बजाज एजेंसी, ड्रीम लैंड होटल समेत दर्जनों प्रतिष्ठानों पर एनएचआई के अमीन द्वारा अतिक्रमण चिह्नित करते हुए रेड क्रॉस का निशान लगा दिया गया है।
जिला में एसएच 75 दरभंगा से कमतौल भाया मधवापुर और एसएच 56 दरभंगा से कुशेश्वरस्थान न की सडक की चौड़ीकरण के ऊपर टोल टैक्स लगाए जाने की बात बताई जा रही है।
सुनील कुमार, कार्यपालक अभियंता, पथ निर्माण विभाग, दरभंगा।