दरभंगा में भ्रष्टाचार पर बड़ी कार्रवाई, केवटी बीडीओ निलंबित, थानाध्यक्ष भी हटाए गए
केवटी प्रखंड के बीडीओ चंद्रमोहन पासवान को आय से अधिक संपत्ति मामले में निलंबित किया गया है, उनके स्थान पर पूर्णिया के कैलाशपति मिश्र योगदान देंगे। इस ...और पढ़ें

केवटी प्रखंड के बीडीओ चंद्रमोहन पासवान ।
संवाद सहयोगी, केवटी (दरभंगा) । आय से अधिक संपत्ति मामले में केवटी प्रखंड के बीडीओ चंद्रमोहन पासवान को ग्रामीण विकास विभाग ने निलंबित कर दिया है। अब उनके जगह पूर्णिया के बड़हरा कोठी के बीडीओ कैलाशपति मिश्र योगदान देंगे।
ऐसे कैलाशपति के तबादले का नोटिफिकेशन विभाग ने 30 जून को ही कर दिया था। लेकिन, चंद्रमोहन पासवान के पदस्थापन को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई थी।
ऐसी स्थिति में चंद्रमोहन पासवान नए बीडीओ को प्रभार देने का इंतजार कर रहे थे, तो दूसरी ओर जानकार लोग उनके जल्द निलंबित होने का दावा कर रहे थे।
इस बीच नए बीडीओ के प्रभार लेने से पहले ही उन्हें निलंबित कर सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश दे दिया ।
बता दें कि आर्थिक अपराध इकाई को जब बीडीओ के शिकायत मिली तो उनकी संपत्ति की जांच की। इसमें उनके आय से 81.03 प्रतिशत अधिक संपत्ति पाई गई। इसके बाद उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दरभंगा-मधुबनी जिले के छह ठिकानों पर 27 मई को अलग-अलग टीम ने छापेमारी ।
इस दौरान जांच से भी अधिक संपत्ति होने के साक्ष्य मिले। कई भूखंड के दस्तावेज, माल, निजी अस्पताल सहित आभूषण, बैंक ट्रांजेक्शन, एफडी, बीमा आदि के दस्तावेज मिलने के बाद से ही बीडीओ के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होने की आशंका जताई जाने लगी।
उधर, प्रखंड सूत्रों का कहना है कि वर्तमान में जिला पदाधिकारी की ओर से सरकारी भुगतान पर रोक लगा दिया था। मधुबनी जिले के बाबूबरही स्थित बौंसा निवासी बीडीओ चंदमोहन पासवान के खिलाफ मो. इकबाल अंसारी ने अकूत संपत्ति अर्जित करने की शिकायत की थी।
बता दें कि बीडीओ ने अपनी ऊंची पहुंच के कारण अपने पैतृक जिला के सीमावर्ती क्षेत्र सीतामढ़ी, दरभंगा और समस्तीपुर में ही अब तक अपना पदस्थापन कराने का काम किया था। लेकिन, इस बार उनकी पहुंच काम नहीं आई।
सदन राम की गई थानेदारी, राहुल देंगे योगदान
केवटी थाना के थानाध्यक्ष सदन राम को एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने पद से मुक्त कर दिया है। थानेदारी से हटाकर उन्हें सदर थाना में योगदान देने का निर्देश दिया है। उनकी जगह सदर थाना में तैनात राहुल कुमार को केवटी थाने की कमान दी है।
खबरें और भी
बता दें कि इन दिनों केवटी बीडीओ, प्रमुख और थानेदार की कार्यशैली को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे। भाजपा विधायक मुरारी मोहन झा तो थानेदार के खिलाफ धरना पर बैठ गए थे।
उधर, वित्तीय अनियमितता में दोषी पाए जाने पर प्रमुख जिवछी देवी को भी पदच्यूत करने के लिए दरभंगा प्रमंडलीय आयुक्त ने विभाग को अपना अनुशंसा पत्र भेज दिया है।