मुंबई में चोरी, दरभंगा में ऐश! अभिनेत्री के घर से उड़ाया माल, गांव में खुला राज
मुंबई पुलिस ने अभिनेत्री लोपामुद्रा रावत के घर हुई करीब एक करोड़ रुपये की चोरी के मामले में दरभंगा से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के ...और पढ़ें
-1786116966103_m.webp)
इसमें AI जनरेटेड तस्वीर लगाई गई है।
जागरण संवाददाता, दरभंगा । मुंबई की फिल्म अभिनेत्री लोपामुद्रा रावत के घर हुई करीब एक करोड़ रुपये की चोरी के मामले में मुंबई पुलिस ने दरभंगा के सोनकी थाना क्षेत्र से एक आरोपित को बुधवार को गिरफ्तार किया है।
दरभंगा पुलिस के सहयोग से की गई छापेमारी में आरोपित के पास से नकदी, सोने के बिस्किट, महंगी घड़ी समेत 50 लाख रुपये से अधिक मूल्य का सामान बरामद किया गया है।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान सोनकी थाना क्षेत्र के गोठ मिट्टी निवासी चंदन मुखिया के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उसके पास से 12.50 लाख रुपये की लग्जरी घड़ी, दो सोने के बिस्किट, नौ लाख रुपये नकद तथा अन्य कीमती सामान बरामद किया गया है।
बताया गया है कि अभिनेत्री लोपामुद्रा रावत ने अपने मुंबई स्थित आवास में हुई चोरी को लेकर सांताक्रूज थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
मामले की जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल लोकेशन और अन्य सुराग के आधार पर मुंबई पुलिस दरभंगा पहुंची। स्थानीय पुलिस के सहयोग से गोठ मिट्टी स्थित आरोपित के घर पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपित ने चोरी के पैसों से अपनी बहन के नाम पर दो कट्ठा जमीन खरीदने की बात स्वीकार की है। इसके बाद पुलिस ने सोनकी थाना क्षेत्र के देकुली बाजार स्थित एक हार्डवेयर व्यवसायी कैलाश साह तथा एक ज्वेलर्स से भी पूछताछ की।
इस दौरान दो सोने के बिस्किट बरामद होने की बात सामने आई है। मुंबई पुलिस के अनुसार, चोरी की वारदात अभिनेत्री के घर में वेंटिलेटर के रास्ते प्रवेश कर अंजाम दी गई थी।
गिरफ्तार आरोपित को ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई ले जाया गया है, जहां उससे आगे पूछताछ की जाएगी। प्रभारी सदर एसडीपीओ एसके सुमन ने बताया कि मुंबई पुलिस की टीम को दरभंगा पुलिस की ओर से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया गया।
उन्होंने बताया कि बरामद सामान के साथ आरोपित को मुंबई पुलिस अपने साथ ले गई है। वहीं चोरी की राशि से जमीन खरीदने के मामले में संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।