इश्क की आग में दरभंगा सुलगा, घर में घुसकर मारपीट व लूटपाट, दो पक्षों में तनाव
Darbhanga Crime News : दरभंगा के सकतपुर थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के चलते दो पक्षों में तनाव उत्पन्न हो गया। आरोप है कि एक पक्ष ने घर में घुसकर मा ...और पढ़ें

Love Affair Assault Case : घटना स्थल पर जांच के लिए पहुंचे पुलिस पदाधिकारी। जागरण
संवाद सहयोगी, तारडीह (दरभंगा) । Darbhanga Violence News : सकतपुर थाना क्षेत्र के कुर्सो मछैता पंचायत अंतर्गत कुर्सो मदरसा टोल में प्रेम प्रसंग को लेकर बुधवार की रात दो पक्षों के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने घर में घुसकर महिला-पुरुषों के साथ मारपीट की और लूटपाट की घटना को अंजाम दिया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस बल व क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) की तैनाती की गई।
पीड़ित सुरेश कुमार कामत ने बताया कि उनके पुत्र सोनू कुमार कामत का प्रेम प्रसंग सझुवार गांव की युवती से चल रहा था। छह माह पूर्व भी युवती घर से भागकर गांव आ गई थी, जिसे समाज के लोगों के हस्तक्षेप से वापस भेज दिया गया था। बुधवार को युवती ने अलीनगर से फोन कर सोनू को बुलाया और दोनों ने विवाह कर लिया।
पीड़ित के अनुसार, इसके बाद समाज के कुछ प्रबुद्ध लोगों के माध्यम से युवती की मां एवं पिता को जानकारी दी गई, लेकिन उन्होंने फोन पर ही बेटी को स्वीकार करने से इन्कार कर दिया। प्रेमी के परिवार ने युवती को स्वीकार करने की सहमति जताई।
आरोप है कि बुधवार की रात गांव के ही मो. शमसूल, मो. जुमराती, मो. सोनू , मो. सुपहा, मो. असलम सहित लगभग दो दर्जन लोग पीड़ित के घर में घुस आए और सोनू कामत उसकी मां ललिता देवी, चाचा वीणा देवी, चचेरे भाई रमेश कामत के साथ जमकर मारपीट की। इस दौरान घर से दो मोबाइल फोन, 12 हजार रुपये नकद सहित अन्य सामान लूट लिए गए।
खबरें और भी
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। स्थिति बिगड़ते देख सकतपुर थाना पुलिस के साथ क्यूआरटी मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति नियंत्रित करने में जुट गई। गुरुवार सुबह घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में दूसरे पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
बहेड़ा सर्किल इंस्पेक्टर मुरलीधर साह, सकतपुर थानाध्यक्ष अरविंद कुमार एवं अलीनगर थानाध्यक्ष विनोद मिश्र द्वारा उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद आक्रोशित लोग शांत हुए। इसके बाद पुलिस-प्रशासन व स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में दोनों पक्ष के लोगों के साथ शांति समिति की बैठक आयोजित कर आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की। फिलहाल गांव में शांति बनी हुई है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। शांति व्यवस्था के लिए पुलिस की तैनाती की गई है।