Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सीएम नीतीश कुमार का संकल्प, बिहार बनेगा विकसित राज्य, देश के टॉप राज्यों में होगा शामिल

    By Mukesh Srivastava Edited By: Ajit kumar
    Updated: Wed, 28 Jan 2026 01:23 PM (IST)

    CM Nitish Samriddhi Yatra: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दरभंगा में 'समृद्धि यात्रा' के दौरान बिहार को विकसित राज्य बनाने का संकल्प लिया। उन्होंने 2005 स ...और पढ़ें

    Bihar development news: जनसंवाद सभा को संबाेधित करने के पहुंचे सीएम, मखाना का माला पहनाकर कार्यकर्ताओं ने किया सम्मानित। जागरण

    Bihar development news: जनसंवाद सभा को संबाेधित करने के पहुंचे सीएम, मखाना का माला पहनाकर कार्यकर्ताओं ने किया सम्मानित। जागरण

    HighLights

    1. बिहार को विकसित राज्य बनाने का संकल्प लिया।

    2. शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार में हुए विकास पर जोर।

    3. आगामी पांच वर्षों की 'सात निश्चय-3' योजनाएं बताईं।

    जागरण संवाददाता, दरभंगा। Nitish Kumar Darbhanga speech: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को समृद्धि यात्रा के दौरान नागेंद्र झा स्टेडियम में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार को विकसित राज्य बनाकर देश के शीर्ष राज्यों की श्रेणी में शामिल किया जाएगा।

    उन्होंने कहा कि वर्ष 24 नवंबर 2005 से लगातार जनता के हित में काम किया जा रहा है। उस समय की स्थिति को याद करते हुए उन्होंने कहा कि पहले शाम के बाद लोग घर से बाहर निकलने से डरते थे। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और बिजली की स्थिति बेहद खराब थी। आज बिहार में भय का माहौल नहीं है और हर क्षेत्र में विकास हो रहा है।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि कब्रिस्तान की घेराबंदी से सामाजिक विवाद कम हुए हैं। शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि बताते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में अब तक पांच लाख 24 हजार सरकारी शिक्षक बहाल किए जा चुके हैं और शेष पदों को जल्द भरा जाएगा।

    स्वास्थ्य व्यवस्था पर बोलते हुए उन्होंने बताया कि हर जिले में मेडिकल कॉलेज का निर्माण हो रहा है। पटना में 5000 बेड की सुविधा विकसित की जा रही है, जबकि पुराने पांच मेडिकल कॉलेजों में 2500 बेड की व्यवस्था बहाल की जा रही है।

    खबरें और भी

    उन्होंने कहा कि छह घंटे में किसी भी जिले से पटना पहुंचने का लक्ष्य पूरा कर लिया गया है। कृषि क्षेत्र में भी प्रगति हुई है और मछली उत्पादन में ढाई गुना वृद्धि दर्ज की गई है। घर-घर बिजली पहुंचाने के बाद अब सोलर ऊर्जा को बढ़ावा दिया जा रहा है।

    रोजगार को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि दस लाख नौकरी का लक्ष्य पूरा हो चुका है, जबकि अब तक करीब 40 लाख लोगों को रोजगार मिला है। इसे बढ़ाकर एक करोड़ तक ले जाने का लक्ष्य रखा गया है।

    पेंशन राशि में बढ़ोतरी से एक करोड़ 30 लाख लोगों को लाभ मिल रहा है। जाति आधारित आर्थिक सर्वेक्षण में 94 लाख गरीब परिवार चिह्नित किए गए हैं, जिन्हें समृद्ध बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

    उन्होंने महिला आरक्षण, जीविका दीदियों की संख्या में वृद्धि और महिला सशक्तिकरण पर भी प्रकाश डाला। कहा कि महिलाओं को सम्मान और अवसर देने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।

    मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार से भरपूर सहयोग मिल रहा है। 2024 के बजट में बिहार को बड़ी राशि मिली है। मखाना बोर्ड की स्थापना और खेलो इंडिया जैसे आयोजनों से राज्य की पहचान बढ़ी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया।

    आने वाले पांच वर्षों की योजना पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि ‘सात निश्चय-3’ लागू किया जाएगा। प्रति प्रखंड आदर्श विद्यालय और डिग्री कॉलेज खोले जाएंगे। बंद पड़ी चीनी मिलों को फिर से शुरू किया जाएगा। सभी घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाए जाएंगे और सरकारी डॉक्टरों की प्रैक्टिस पर रोक लगाई जाएगी।

    उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों में विकास की गति और तेज होगी और बिहार देश के टॉप राज्यों में शामिल होगा। दरभंगा में भी व्यापक स्तर पर विकास कार्य हुए हैं और शेष योजनाओं को जल्द पूरा किया जाएगा।

    इससे पहले मुख्यमंत्री ने 105 करोड़ रुपये की 50 योजनाओं का शिलान्यास और 33 करोड़ रुपये की 40 योजनाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने निर्माणाधीन अंतरराज्यीय पड़ाव, दरभंगा एयरपोर्ट टर्मिनल, रनवे विस्तार, कार्गो हब और एयरपोर्ट कनेक्टिविटी रोड का निरीक्षण भी किया।

    कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जदयू राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी, मदन सहनी सहित अन्य नेता मौजूद रहे।