विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दरभंगा स्नातक सीट पर देर रात में खुला जीत का पत्ता, अनिल झा ने BJP प्रत्याशी को 4010 वोटों से हराया

Published: Thu, 29 Oct 2026 10:18 PM (IST)

दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव परिणाम घोषित हो गए हैं। राजद समर्थित अनिल कुमार झा ने भाजपा के सर्वेश कुमार को 4010 मतों से हराकर जीत दर्ज की।

राजद समर्थित उम्मीदवार अनिल कुमार झा व बीजेपी प्रत्याशी सर्वेश कुमार।

राजद समर्थित उम्मीदवार अनिल कुमार झा व बीजेपी प्रत्याशी सर्वेश कुमार।

HighLights

  1. अनिल कुमार झा ने दरभंगा स्नातक सीट पर जीत दर्ज की।

  2. उन्होंने भाजपा के सर्वेश कुमार को 4010 मतों से हराया।

  3. राजद समर्थकों ने जीत का जश्न रंग-गुलाल से मनाया।

जागरण संवाददाता, दरभंगा। बिहार में दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव परिणाम को लेकर दिनभर बनी उहापोह की स्थिति गुरुवार की देर रात समाप्त हो गई। बिहार विधान परिषद की इस सीट पर राजद समर्थित उम्मीदवार अनिल कुमार झा ने जीत दर्ज की।

उन्होंने भाजपा प्रत्याशी सर्वेश कुमार को 4010 मतों से पराजित किया। परिणाम की घोषणा में देरी के कारण मतगणना केंद्र के बाहर देर रात तक समर्थकों की भीड़ जुटी रही। जीत की आधिकारिक घोषणा होते ही राजद समर्थकों में उत्साह छा गया। रंग-गुलाल लगाकर एक-दूसरे को बधाई दी गई और आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया गया।

अनिल झा को मिले 25406 मत

निर्वाची पदाधिकारी सह प्रमंडलीय आयुक्त हिमांशु कुमार राय ने गुरुवार की देर रात परिणाम की घोषणा की। इसके बाद निर्वाचित उम्मीदवार अनिल कुमार झा को प्रमाणपत्र सौंपा गया।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, अनिल कुमार झा को कुल 25406 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी सर्वेश कुमार को 21396 मत प्राप्त हुए। इस तरह दोनों उम्मीदवारों के बीच जीत का अंतर 4010 मतों का रहा।

देर रात तक बनी रही उहापोह

चुनाव परिणाम की घोषणा में विलंब होने से राजद समर्थकों के बीच असमंजस की स्थिति बनी रही। काफी संख्या में समर्थक लहेरियासराय स्थित खेल भवन में बनाए गए मतगणना केंद्र के बाहर जुटे रहे। परिणाम को लेकर उत्सुकता के बीच समर्थक आधिकारिक घोषणा का इंतजार करते रहे।

सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात

मतगणना केंद्र के बाहर समर्थकों की भीड़ को देखते हुए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए था। भाजपा समर्थित प्रत्याशी सर्वेश कुमार के मतगणना केंद्र से बाहर निकलने और राजद प्रत्याशी को बधाई देने के बाद माहौल सामान्य हो गया।

रंग-गुलाल लगाकर मनाया जश्न

जीत की घोषणा के बाद राजद समर्थकों ने रंग-गुलाल लगाकर एक-दूसरे को बधाई दी। आतिशबाजी के साथ पार्टी के समर्थन में नारेबाजी भी की गई। देर रात तक मतगणना केंद्र के बाहर जीत का उत्साह देखने को मिला। वहीं, शेष 38 उम्मीदवारों को मिले मतों का आधिकारिक विवरण देर रात तक जारी नहीं हो सका था।

यह भी पढ़ें- दरभंगा में हारी भाजपा; लेकिन उम्मीदवार ने जीत लिया लोगों का दिल, RJD प्रत्याशी संग वीडियो वायरल

यह भी पढ़ें- दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में अचानक पलटा खेल, सर्वेश कुमार ने अनिल झा को दी बधाई, हार स्वीकारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।