विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दरभंगा के हरनगर से पुरानी राह पर दौड़ेगी ट्रेन! हसनपुर रेल परियोजना को लेकर उठी मांग

Published: Sat, 15 Aug 2026 12:32 PM (IST)

सामाजिक कार्यकर्ता शंकर कुमार झा ने सकरी-हसनपुर रेल परियोजना को हरनगर स्टेशन से पुराने रूट पर पूरा करने की मांग ...और पढ़ें

सांसद को मांग पत्र देते शंकर कुमार झा। सौजन्य से शंकर झा।

सांसद को मांग पत्र देते शंकर कुमार झा। सौजन्य से शंकर झा।

HighLights

  1. पुराने रूट पर 90% मिट्टीकरण और पुल निर्माण पूरा।

  2. कुशेश्वरस्थान को सीधे रेल नेटवर्क से जोड़ेगा पुराना मार्ग।

  3. सांसद संजय झा रेल मंत्री से मिलकर उठाएंगे यह मुद्दा।

संवाद सहयोगी, कुशेश्वरस्थान (दरभंगा)। सकरी-हसनपुर रेल परियोजना के निर्माण को लेकर एक बार फिर पुराने रूट की मांग जोर पकड़ने लगी है। सामाजिक कार्यकर्ता व शिक्षाविद शंकर कुमार झा ने हरनगर स्टेशन से पुराने रेल मार्ग पर ही परियोजना को पूरा कराने की मांग उठाई है।

उनका कहना है कि पुराने रूट पर पहले से हुए काम का लाभ उठाकर परियोजना को कम समय और कम खर्च में पूरा किया जा सकता है। इस मांग को लेकर उन्होंने शुक्रवार को जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य संजय कुमार झा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

नए रूट से बढ़ेगा खर्च

शंकर कुमार झा ने सांसद को बताया कि सकरी-हसनपुर रेल परियोजना में हरनगर स्टेशन के बाद पुराने रूट को छोड़कर नए मार्ग पर रेल लाइन निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। नए रूट पर काम शुरू करने के लिए बड़े पैमाने पर भूमि अधिग्रहण करना होगा। इसके अलावा मिट्टीकरण और पुल निर्माण का भी नया काम करना पड़ेगा। इससे परियोजना की लागत बढ़ने के साथ निर्माण में भी अधिक समय लग सकता है।

पुराने रूट पर काफी काम पूरा

ज्ञापन में कहा गया है कि पुराने रूट पर करीब 90 प्रतिशत मिट्टीकरण का कार्य पहले ही पूरा हो चुका है। अधिकांश पुलों का निर्माण भी कराया जा चुका है। ऐसे में तैयार आधारभूत संरचना का उपयोग कर परियोजना को आगे बढ़ाया जा सकता है। इससे सरकारी राशि की बचत होने के साथ निर्माण कार्य भी अपेक्षाकृत तेजी से पूरा होने की उम्मीद है।

कुशेश्वरस्थान को मिलेगा सीधा रेल संपर्क

पुराने रूट से रेल लाइन बनने का सबसे बड़ा लाभ कुशेश्वरस्थान क्षेत्र को मिलने की बात कही गई है। इस मार्ग से परियोजना पूरी होने पर कुशेश्वरस्थान सीधे रेल नेटवर्क से जुड़ जाएगा। इससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।

रेल मंत्री से मिलेंगे संजय झा

सांसद संजय कुमार झा ने आश्वासन दिया कि वह रेल मंत्री से मिलकर पूरे मामले की जानकारी देंगे। साथ ही हरनगर स्टेशन से पुराने रूट पर ही रेल लाइन निर्माण कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई का प्रयास करेंगे। स्थानीय लोगों की नजर अब इस बात पर है कि परियोजना को पुराने मार्ग से जोड़ने की मांग पर रेलवे स्तर से क्या निर्णय लिया जाता है।