दिल्ली से दरभंगा आनी थी फ्लाइट, अचानक वहीं रोक दी गई उड़ान, यात्रियों का फूटा गुस्सा
दिल्ली से दरभंगा आने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट SG-495 अचानक रद्द होने से यात्रियों ने दरभंगा एयरपोर्ट पर हंगामा किया। ...और पढ़ें

यह तस्वीर जागरण आर्काइव से ली गई है।
HighLights
दिल्ली-दरभंगा स्पाइसजेट फ्लाइट SG-495 अचानक रद्द हुई।
यात्रियों ने दरभंगा एयरपोर्ट पर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
देरी और रात्रि उड़ान अनुमति न होने से फ्लाइट रद्द हुई।
संवाद सहयोगी, दरभंगा। दिल्ली से दरभंगा आने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट एसजी-495 के अचानक रद किए जाने की घोषणा के बाद शुक्रवार को दरभंगा एयरपोर्ट पर यात्रियों और स्वजन का आक्रोश फूट पड़ा।
उड़ान बहाल करने की मांग को लेकर यात्रियों ने एयरपोर्ट परिसर में हंगामा किया। स्थिति बिगड़ती देख एयरलाइन कंपनी के पदाधिकारियों और एयरपोर्ट प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा। काफी समझाने के बाद स्थिति सामान्य हो सकी।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली से उड़ान भरकर स्पाइसजेट की फ्लाइट को निर्धारित समय के अनुसार दोपहर 3:20 बजे दरभंगा एयरपोर्ट पर लैंड करना था।
हालांकि, उड़ान पहले से ही एक घंटे से अधिक विलंबित चल रही थी। दरभंगा से यही विमान शाम 5:20 बजे दिल्ली के लिए रवाना होना था। इसी बीच यात्रियों को अचानक उड़ान रद किए जाने की सूचना दी गई, जिससे उनका आक्रोश बढ़ गया।
यात्रियों का कहना था कि उन्हें काफी देर तक उड़ान को लेकर इंतजार कराया गया और बाद में अचानक फ्लाइट रद होने की जानकारी दी गई।
हंगामे की सूचना पर एयरलाइन के प्रतिनिधियों ने यात्रियों को समझाने का प्रयास किया। बाद में यात्रियों के टिकट शनिवार की उड़ान के लिए रिशेड्यूल किए गए, जिसके बाद वे एयरपोर्ट से अपने घर लौट गए।
सूत्रों के अनुसार, दिल्ली एयरपोर्ट से यात्रियों को लेकर विमान दरभंगा के लिए उड़ान भर चुका था। लेकिन, दिल्ली एयरपोर्ट पर ही विमान को अचानक रोक दिया गया और उड़ान रद कर दी गई।
विमान में सवार यात्रियों ने भी उड़ान बहाल करने की मांग को लेकर हंगामा किया। उन्हें समझाने में एयरलाइन कंपनी के प्रतिनिधियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
स्पाइसजेट के एक अधिकारी ने बताया कि फ्लाइट पहले से विलंबित चल रही थी। दरभंगा एयरपोर्ट पर फिलहाल रात्रि उड़ान की अनुमति नहीं है।
समय सीमा समाप्त होने की स्थिति को देखते हुए उड़ान रद करनी पड़ी। अब यात्रियों को लेकर विमान शनिवार को दरभंगा के लिए उड़ान भरेगा। यात्रियों को एयरलाइन कंपनी की ओर से आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
चार विमान निर्धारित समय से पहले पहुंचे
इधर, दरभंगा एयरपोर्ट से शुक्रवार को दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु के बीच कुल आठ विमानों का आवागमन हुआ। इनमें दिल्ली से दरभंगा आने वाली आकासा एयर की फ्लाइट क्यूपी-1405 निर्धारित समय 10:55 बजे से 25 मिनट पहले पहुंची।
बेंगलुरु से दरभंगा आने वाली आकासा एयर की फ्लाइट क्यूपी-1513 निर्धारित समय 12:10 बजे से 20 मिनट पहले पहुंची।
मुंबई से दरभंगा आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6ई-535 निर्धारित समय 12:55 बजे से 10 मिनट पहले पहुंची। वहीं, दिल्ली से दरभंगा आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6ई-360 निर्धारित समय दोपहर तीन बजे से 20 मिनट पहले दरभंगा पहुंच गई।
