दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जनसुराज के सुरेश प्रसाद राय जीते, कांग्रेस के मदन मोहन झा को हराया
दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में जनसुराज समर्थित सुरेश प्रसाद राय ने जीत दर्ज की है। उन्होंने कांग्रेस समर्थित डॉ. मदन ...और पढ़ें

जनसुराज समर्थित उम्मीदवार सुरेश प्रसाद राय ने जीत दर्ज की।
HighLights
सुरेश प्रसाद राय ने दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में जीत दर्ज की।
उन्होंने कांग्रेस समर्थित डॉ. मदन मोहन झा को 324 वोटों से हराया।
जीत के बाद जनसुराज समर्थकों में खुशी और उत्साह का माहौल।
जागरण संवाददाता, दरभंगा। दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव परिणाम में जनसुराज समर्थित उम्मीदवार सुरेश प्रसाद राय ने जीत दर्ज की है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस समर्थित डा. मदन मोहन झा को 324 मतों से पराजित किया।
मतगणना के दौरान दोनों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। परिणाम घोषित होने के बाद चुनावी तस्वीर साफ हो गई। डा. मदन मोहन झा अपने समर्थकों के साथ मतगणना परिसर से बाहर निकल गए। जीत के बाद सुरेश प्रसाद राय के समर्थकों में उत्साह का माहौल है।
7753 मतपत्रों की हुई गिनती
लहेरियासराय स्थित खेल भवन में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना के प्रथम चरण में कुल 7,753 मतपत्रों की गिनती हुई थी। इनमें 7,495 मत वैध और 258 मत अवैध घोषित किए गए थे। जीत के लिए 3,749 मतों का कोटा निर्धारित किया गया था।
प्रथम चरण की गणना में सुरेश प्रसाद राय 2,574 मतों के साथ पहले स्थान पर थे, जबकि डा. मदन मोहन झा को 2,187 मत मिले थे। उस समय दोनों के बीच 387 मतों का अंतर था। अंतिम परिणाम में सुरेश प्रसाद राय ने 324 मतों से जीत हासिल की।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भी गिनती जारी
दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के दूसरे चरण की मतगणना समाप्त हो गई है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, राजग समर्थित उम्मीदवार सर्वेश कुमार को 3,695 मत मिले हैं।
राजद समर्थित अनिल कुमार झा को 3,220 और जनसुराज समर्थित मोहम्मद इम्तियाज को 1,819 मत प्राप्त हुए हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के अंतिम परिणाम को लेकर आगे की मतगणना पर नजर बनी हुई है।