अयोध्या से पूर्वी चंपारण लौट रहे तीन दोस्तों की सड़क हादसे में मौत, गांव में मची चीख-पुकार
अयोध्या से लौट रहे पूर्वी चंपारण के तीन दोस्तों की उत्तर प्रदेश के बस्ती में भीषण सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से पीपरा, कल्याणपुर और केस ...और पढ़ें

घटना की सूचना पर रोते-बिलखते स्वजन।
HighLights
अयोध्या से लौटते समय बस्ती में हुआ भीषण हादसा।
पूर्वी चंपारण के तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत।
मृतकों के गांवों पीपरा, कल्याणपुर, केसरिया में शोक।
संवाद सहयोगी, पीपरा (पूर्वी चंपारण)। अयोध्या धाम से दर्शन कर लौट रहे पूर्वी चंपारण के तीन दोस्तों की उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई है। इस हृदयविदारक घटना के बाद पीपरा, कल्याणपुर और केसरिया क्षेत्र के तीनों गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है।
मृतकों की पहचान पीपरा थाना क्षेत्र के चिंतामनपुर निवासी मुरारी मोहन सिंह के बड़े पुत्र 30 वर्षीय कुंदन कुमार, कल्याणपुर थाना क्षेत्र के माधोपुर दामु निवासी राम तपस्या सिंह के पुत्र 40 वर्षीय पंकज सिंह तथा केसरिया थाना क्षेत्र के फुलतकिया निवासी मोहन श्रीवास्तव के पुत्र 40 वर्षीय रितिक कुमार के रूप में की गई है।
स्वजनों के अनुसार, तीनों मित्र कार से अयोध्या दर्शन के लिए गए थे। रविवार की शाम घर लौटते समय उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर रिठिया ओवरब्रिज के समीप उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में चली गई और सामने से आ रही एक निजी बस से सीधी भिड़ गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और राहत दल ने गैस कटर से कार को काटकर तीनों को बाहर निकाला। तब तक कुंदन कुमार और पंकज सिंह की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि रितिक कुमार ने अस्पताल ले जाते समय अंतिम सांस ली।
खबरें और भी
सबसे मार्मिक दृश्य चिंतामनपुर गांव में देखने को मिला, जहां आठ वर्ष पहले ही कुंदन कुमार का विवाह हुआ था। वह अपने माता-पिता के दो बेटों में बड़े थे। उनके पीछे पत्नी, एक मासूम पुत्र, दो पुत्री और वृद्ध माता-पिता को छोड़ गए हैं।
घर में बच्चों की मासूम निगाहें अपने पिता की राह देख रही हैं, जबकि स्वजनों की चीख-पुकार से पूरा गांव गमगीन है। घटना की सूचना मिलते ही कल्याणपुर के भाजपा विधायक सचिंद्र प्रसाद सिंह ने बस्ती प्रशासन और स्थानीय पुलिस से संपर्क कर शवों को जल्द गृह जिला भेजने की पहल की है।
पंकज की सड़क दुर्धटना में मौत की खबर से गांव मे पसरा मातम
कल्याणपुर। प्रखंड के सिसवा सोव पंचायत स्थिति माधोपुर दामो गांव निवासी रामतपस्या सिह के 36 वर्षीय पंकज सिंह की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत की सूचना के बाद गांव में मातम पसर गया।
उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के रिखिया गांव के समीप उस समय हुई, जब अयोध्या से लौटते समय उनकी कार की सामने से आ रही एक बस से टक्कर हो गई। पंकज सिंह अपने कुछ दोस्तों के साथ अयोध्या में रामलला के दर्शन करने गए थे।
दर्शन के बाद सभी लोग कार से अपने घर लौट रहे थे। सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। स्वजन घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। पंकज की शादी लगभग दस वर्ष पूर्व संध्या देवी से हुई थी।
उनके परिवार में छह वर्षीय पुत्र युवराज और चार वर्षीय पुत्री आराध्या हैं। पति की असमय मौत सूचना मिलते ही पत्नी संध्या देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाते रहे। ग्रामीणों ने बताया कि पंकज सिंह मिलनसार और व्यवहार कुशल व्यक्ति थे।