पाकिस्तानी में बैठे साइबर फ्राड खाते कर रहे खाली, पूर्वी चंपारण से उसके चार सहयोगी गिरफ्तार
Digital Arrest Scam: पूर्वी चंपारण पुलिस ने एक बड़े साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जिसके तार पाकिस्तान और अन्य देशों से जुड़े हैं। पुलिस ने 'डिज ...और पढ़ें

अपराधियों के बारे में जानकारी देते पुलिस अधिकारी। फोटो- जागरण
HighLights
पूर्वी चंपारण में बड़े साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश।
पाकिस्तान और अन्य देशों से जुड़े गिरोह के तार।
'डिजिटल अरेस्ट' के नाम पर ठगी करने वाले चार गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। Digital Arrest Scam: जिले में सक्रिय एक बड़े साइबर ठगी गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस गिरोह के तार पाकिस्तान और अन्य देशों में बैठे साइबर अपराधियों से जुड़े होने का खुलासा हुआ है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार स्थानीय सहयोगियों को गिरफ्तार किया है।
कल्याणपुर से शुरू हुई कार्रवाई
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कल्याणपुर थाना क्षेत्र का एक युवक विदेशी साइबर अपराधियों के साथ मिलकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहा है। इसके बाद विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई और मुख्य आरोपी अंकित कुमार को गिरफ्तार किया गया।
चार आरोपियों की गिरफ्तारी
अंकित की निशानदेही पर तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। इनमें केसरिया के युवराज कुमार, गड़हिया के मो. साहिल और पश्चिमी चंपारण के चुन्नू कुमार शामिल हैं। सभी से पूछताछ जारी है।
डिजिटल अरेस्ट के नाम पर ठगी
पूछताछ में सामने आया कि पाकिस्तान और अन्य देशों में बैठे साइबर अपराधी इंटरनेट मीडिया पर भ्रामक पोस्ट डालते थे। इसके जरिए लोगों को झांसे में लेकर उन्हें ‘डिजिटल अरेस्ट’ का डर दिखाकर पैसे ऐंठे जाते थे।
बैंक खातों के जरिए भेजते थे रकम
गिरोह के सदस्य ठगी से प्राप्त रकम को बैंक खातों के माध्यम से निकालकर सीडीएम के जरिए सरगना तक पहुंचाते थे। इसके बदले उन्हें करीब 10 प्रतिशत कमीशन दिया जाता था।
भारी मात्रा में सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से सात बैंक पासबुक, दस डेबिट कार्ड, एक ब्लैंक चेक, पांच मोबाइल फोन और तीन बाइक बरामद की हैं।पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। साथ ही बैंक खातों और डिजिटल ट्रांजैक्शन की जांच कर पूरे गिरोह के नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।