Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Bihar News : जाली कागजात, फर्जी नंबर और चोरी की बाइक को देते थे नई पहचान, 28 बाइक के साथ 12 गिरफ्त में

    Updated: Thu, 30 Jul 2026 02:17 PM (IST)

    पुलिस ने पूर्वी चंपारण में चोरी की मोटरसाइकिलों का हुलिया बदलकर बेचने वाले संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। संयुक्त कार्रवाई में 28 बाइक बरामद कर 12 ...और पढ़ें

    पूर्वी चंपारण के चिरैया में जब्त बाइक व पुलिस की गिरफ्त में आरोपित। जागरण

    पूर्वी चंपारण के चिरैया में जब्त बाइक व पुलिस की गिरफ्त में आरोपित। जागरण

    संवाद सहयोगी, चिरैया (पूर्वी चंपारण)। चोरी की मोटरसाइकिलों का हुलिया बदलकर उन्हें वैध वाहन के रूप में बाजार में बेचने वाले संगठित गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया।

    इंजन और चेसिस नंबर बदलने से लेकर फर्जी दस्तावेज और नंबर प्लेट तैयार कर बाइक बेचने वाले इस नेटवर्क पर चिरैया और शिकारगंज थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 28 चोरी की बाइक बरामद की हैं। इस दौरान 12 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।

    दो थानों की संयुक्त कार्रवाई

    बुधवार को चिरैया थाना परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में सिकरहना एसडीपीओ अभिषेक कुमार ने बताया कि चिरैया थाना पुलिस ने 21 चोरी की बाइक के साथ आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया।

    वहीं, शिकारगंज थाना पुलिस ने सात चोरी की बाइक बरामद कर चार अन्य आरोपितों को दबोच लिया। दोनों थानों की कार्रवाई में कुल 28 मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं।

    गुप्त सूचना से खुला राज

    एसडीपीओ ने बताया कि 28 जुलाई को सूचना मिली थी कि छोटा मिश्रौलिया गांव में चोरी की मोटरसाइकिलों के इंजन और चेसिस नंबर बदलकर जाली दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद गठित पुलिस टीम ने छापेमारी कर गिरोह का पर्दाफाश किया।

    ऐसे बदल देते थे बाइक की पहचान

    पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे चोरी की मोटरसाइकिलों के असली इंजन और चेसिस नंबर मिटाकर दूसरे वाहनों के नंबर पंच कर देते थे। इसके बाद उसी नंबर से संबंधित फर्जी नंबर प्लेट लगाकर बाइक को वैध दिखाया जाता था। इसके सहारे चोरी की बाइक आसानी से बाजार में बेच दी जाती थी।

    25 से 30 हजार में होती थी सौदेबाजी

    पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य चोरी की मोटरसाइकिलों को 25 से 30 हजार रुपये में बेच देते थे। गिरफ्तार आरोपितों में संदीप कुमार, कृष्णनंदन साह, राहुल कुमार, जसमुद्दीन, रामविनय कुमार, मो. शमशेर आलम, शमशुद्दीन देवान और रमेश साह शामिल हैं।

    खबरें और भी

    नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

    एसडीपीओ ने बताया कि मामले में चिरैया थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और चोरी के वाहनों के नेटवर्क की पहचान की जा रही है।

    पुलिस का मानना है कि जांच आगे बढ़ने पर कई और गिरफ्तारियां तथा चोरी की अन्य मोटरसाइकिलों की बरामदगी हो सकती है। इस कार्रवाई में इंस्पेक्टर मो. सलाउद्दीन, चिरैया थानाध्यक्ष अंबेश कुमार, शिकारगंज थानाध्यक्ष गोपाल कुमार सहित दोनों थानों की पुलिस टीम शामिल रही।