बिहार में जन्म प्रमाणपत्र जमा नहीं किया तो फंस सकती छात्रवृत्ति और पोशाक राशि, 31 दिसंबर लास्ट डेट
Bihar School Scholarship: बिहार शिक्षा विभाग ने स्कूलों में नामांकित छात्रों के लिए जन्म प्रमाणपत्र और बैंक खाता अनिवार्य किया है। 31 दिसंबर 2026 तक यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

बच्चों का बैंक खाता खुलवाने की प्रक्रिया भी तेजी से पूरी करानी होगी।
HighLights
स्कूलों में जन्म प्रमाणपत्र और बैंक खाता अनिवार्य किया गया।
सरकारी योजनाओं का लाभ पाने के लिए यह प्रक्रिया जरूरी।
दिसंबर 2026 तक सभी छात्रों को दस्तावेज जमा करने होंगे।
संवाद सहयोगी, पीपराकोठी (पूर्वी चंपारण)। Birth Certificate Deadline: बिहार के सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के लिए शिक्षा विभाग ने एक बेहद जरूरी आदेश जारी किया है।
अब स्कूलों में नामांकित प्रत्येक बच्चे का जन्म प्रमाणपत्र विद्यालय के अभिलेख में रखना अनिवार्य कर दिया गया है। इसके साथ ही बच्चों का बैंक खाता खुलवाने की प्रक्रिया भी तेजी से पूरी करानी होगी।
शिक्षा विभाग ने इसके लिए 31 दिसंबर 2026 तक की डेडलाइन तय की है।
समय पर करें तैयारी
शिक्षा विभाग के निदेशक (प्रशासन) विजय कुमार पांडेय ने इस संबंध में सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों और जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों को निर्देश जारी किया है।
विभाग के निर्देश के मुताबिक, विद्यालयों में नामांकित बच्चों के जन्म प्रमाणपत्र की प्रति सुरक्षित रखनी होगी। जिन बच्चों का बैंक खाता अभी तक नहीं खुला है, उनका खाता खुलवाने के लिए विद्यालय स्तर पर आवश्यक पहल की जा रही है।
दूर होगी परेशानी
विभाग की इस पहल का मुख्य उद्देश्य बच्चों का शैक्षणिक और व्यक्तिगत रिकॉर्ड दुरुस्त करना है। साथ ही, सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने में आने वाली सभी परेशानियों को दूर करना है।
बैंक खाते और आधार से जुड़ी प्रक्रिया समय पर पूरी रहने से छात्रवृत्ति, पोशाक और अन्य प्रोत्साहन राशि का भुगतान बिना किसी रुकावट के सीधे आपके खाते में हो सकेगा।
समय सीमा का ध्यान
अभिभावकों और विद्यार्थियों के लिए यह बेहद जरूरी है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते जन्म प्रमाणपत्र बनवा लें।
यदि समय पर दस्तावेज जमा नहीं किए गए, तो मिलने वाली सरकारी सहायता और राशि फंसने की आशंका बढ़ सकती है। इसलिए सजग रहें और समय रहते अपने सभी कागजात विद्यालय में जमा कराएं।