पूर्वी चंपारण में सड़क किनारे खड़े होकर बातचीत कर रहे लोगों को कार ने रौंदा, एक की मौत
पूर्वी चंपारण के सुगौली में बंगरा ओवरब्रिज पर एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े लोगों को रौंद दिया, जिसमें एक की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्म तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े लोगों को रौंदा।
हादसे में एक व्यक्ति की मौत, दो गंभीर घायल।
पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया, जांच जारी।
संवाद सहयोगी, सुगौली (पूर्वी चंपारण)। बिहार में सुगौली थानाक्षेत्र के बंगरा ओवरब्रिज पर रविवार देर एक अनियंत्रित तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े होकर बातचीत कर रहे लोगों को रौंद दिया। इस हादसे ने एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन ली।
घटना रक्सौल मोतिहारी मुख्य मार्ग में छपवा सुगौली के ओवर ब्रिज के समीप सिसवनिया टोला के समीप हुई। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई।
आसपास के लोग दहशत में आ गए। इस दर्दनाक हादसे में सुगौली नगर पंचायत के वार्ड संख्या-छह स्थित सिसवनिया टोला निवासी युसूफ अंसारी की मौत हो गई। इसी टोला के मेराजुल हक (42) व उस्मान हैदर (37) गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। चिकित्सक के द्वारा प्राथमिक उपचार किया गया। घायलों को गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मोतिहारी भेजा गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देर रात कुछ लोग सड़क किनारे खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी बीच छपवा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही अनियंत्रित कार अचानक लोगों पर चढ़ गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लोग कई फीट की दूरी पर जाकर गिरे। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश में थे, लेकिन स्थानीय लोगों की तत्परता से गाड़ी को रोक लिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अवनीश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हादसे में शामिल वाहन को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई।
शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की बड़ी वजह मानी जा रही है। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है।
लोगों का कहना है कि ओवरब्रिज और मुख्य सड़क पर आए दिन तेज रफ्तार वाहनों का आतंक बना रहता है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती थी। ग्रामीणों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।